![]()
भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के आवेदन प्रक्रियाबद्ध किए गए। इसके तहत मौके पर ही 251 लोगों का लर्नर लाइसेंस निर्गत किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, जिला परिवहन अधिकारी दिलीप कुमार तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक तक सरकारी सुविधाएं आसानी से पहुंचाना है। “जिस तरह आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार के माध्यम से घर-घर तक योजनाएं पहुंचाई गईं। ठीक उसी तरह अब प्रखंड और पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित डीटीओ दिलीप कुमार ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरकार द्वारा सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली मुआवजा राशि और योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। बीडीओ बबली कुमारी ने स्थानीय निवासियों से इस प्रकार के पंचायत व प्रखंड स्तरीय शिविरों का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने की अपील की। शिविर शुरू होने से पहले ही सुबह से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए युवाओं का उत्साह देखने को मिला। भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
Source link