भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

नवंबर में खुलेगा पूर्वी भारत का पहला सरकारी एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग संस्थान




राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत करेंगे शुभारंभ, पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा
झारखंड जल्द पूर्वी भारत का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है, जहां सरकारी स्तर पर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग (एएमई) और एयर होस्टेस प्रशिक्षण की शुरुआत होगी। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने दोनों पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इनका औपचारिक शुभारंभ 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होगा। एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग कोर्स के संचालन के लिए झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने दिल्ली की संस्था वेन्योर के साथ एमओयू किया है। एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए एआईएसईसीटी लिमिटेड, भोपाल से करार हुआ है। दोनों पाठ्यक्रम धनबाद स्थित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट परिसर में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित किए जाएंगे। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह पहल राज्य के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खोलेगी और झारखंड को एविएशन स्किल डेवलपमेंट के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। इन कोर्सों के शुरू होने से झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी विमानन क्षेत्र की पढ़ाई के लिए दिल्ली, मुंबई या दक्षिण भारत के संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे। 60 सीटें होंगी, 3 साल का पाठ्यक्रम होगा
एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग कोर्स में 60 सीटें होंगी। यह तीन वर्षीय पाठ्यक्रम होगा, जिसकी कुल फीस 6 लाख रुपए निर्धारित की गई है। शुल्क का भुगतान तीन वार्षिक किस्तों में दो-दो लाख रुपए के रूप में किया जाएगा। एयर होस्टेस प्रशिक्षण के लिए छह माह और 12 माह के दो पाठ्यक्रम संचालित होंगे। दोनों में 60-60 सीटें रहेंगी। छह माह के कोर्स की फीस 1,00,500 रुपए और 12 माह के डिप्लोमा कोर्स की फीस 1,55,500 रुपए तय की गई है। फीस में ड्रेस, ग्रूमिंग किट और स्विमिंग प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा। पाठ्यक्रमों का संचालन नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनुमति मिलने के बाद शुरू होगा। एयर होस्टेस कोर्स के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई तय की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top