बोकारो. आज के दौर में युवाओं के बीच फिटनेस को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है, जिस कारण जिम और फिटनेस सेंटर का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है. फिटनेस इंडस्ट्री युवाओं के लिए एक आकर्षक और लाभदायक बिजनेस विकल्प बनकर उभर रही है. ऐसे में बोकारो के सेक्टर-1 स्थित Core X 360 Gym के संचालक अमित, जो पिछले 10 वर्षों से फिटनेस से बिजनेस से जुड़े हैं, बताते हैं कि अगर सही योजना और सीमित निवेश के साथ शुरुआत की जाए तो यह कारोबार हर महीने अच्छी कमाई का जरिया बन सकता है.
इतना आएगा खर्च
अमित के अनुसार, एक छोटे स्तर के जिम के लिए बेसिक मशीनों का चुनाव सबसे जरूरी होता है. इसमें सबसे पहले फंक्शनल ट्रेनर की कीमत लगभग 80 हजार से 2 लाख रुपये, ट्रेडमिल 40 हजार से 1.50 लाख रुपये, साइकलिंग बाइक 15 हजार से 40 हजार रुपये, लेग प्रेस मशीन 35 हजार से 80 हजार रुपये, चेस्ट प्रेस मशीन 30 हजार से 70 हजार रुपये, डंबल सेट 20 हजार से 60 हजार रुपये, जबकि बेंच और अन्य बेसिक वर्कआउट इक्विपमेंट पर करीब 25 हजार से 70 हजार रुपये तक का खर्च आता है.
5 से 10 लाख का इनवेस्टमेंट
इसके अलावा जिम के इंटीरियर, रबर फ्लोरिंग, शीशे, साउंड सिस्टम और हॉल के किराये को जोड़कर करीब 5 लाख रुपये में एक अच्छी क्वालिटी का बेसिक जिम तैयार किया जा सकता है. वहीं प्रीमियम मशीनें और आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएं तो शुरुआती निवेश 10 लाख रुपये से अधिक हो सकता है.
वहीं कमाई को लेकर अमित बताते हैं कि इस बिजनेस में कमाई केवल जिम की सदस्यता फीस तक सीमित नहीं होती. इसके अलावा पर्सनल ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन कोचिंग, सप्लीमेंट्स की बिक्री, जुम्बा क्लास, योगा क्लास और फिटनेस एसेसरीज जैसी सेवाओं से भी अच्छी आय होती है. सप्लीमेंट्स की बिक्री पर आमतौर पर 10 से 20 प्रतिशत तक का मार्जिन मिलता है, जिससे अतिरिक्त कमाई की जा सकती है.
इतनी कमाई की संभावना
अमित का कहना है कि अगर शुरुआत में सिर्फ 50 सदस्य भी जुड़ते हैं और प्रति सदस्य औसतन 1,000 रुपये मासिक शुल्क लिया जाता है, तो केवल सदस्यता शुल्क से ही 50 हजार रुपये प्रति माह की आय हो सकती है. इसके अलावा पर्सनल ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन प्लान और सप्लीमेंट्स की बिक्री से अतिरिक्त कमाई होती है. इस तरह एक छोटा जिम भी हर महीने 60 से 70 हजार रुपये तक की कमाई आसानी से कर सकता है.
शुरुआत में इन गलतियों से बचें
आखिर में अमित ने सलाह दी है कि जिम बिजनेस शुरू करने से पहले सबसे ज्यादा जरूरत सही प्लानिंग की होती है. कई लोग उत्साह में जरूरत से ज्यादा महंगी मशीनें खरीद लेते हैं, जबकि उन मशीनों के रखरखाव और सर्विसिंग पर भी नियमित खर्च आता है. इससे मुनाफा प्रभावित हो सकता है.
ऐसे में शुरुआत में सीमित और जरूरी मशीनों के साथ काम शुरू करें और जिम में साफ-सफाई, अच्छा माहौल, प्रशिक्षित स्टाफ और बेहतर ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान दें. इससे सदस्य संतुष्ट रहेंगे, तो वे लंबे समय तक जुड़े रहेंगे और नए ग्राहकों को भी जोड़ेंगे.