Last Updated:
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अपनी 25 दिन लंबी भूख हड़ताल खत्म करने की शर्त के तौर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने के आश्वासन की मांग दोहराई है.

नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर सीजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान. (पीटीआई)
नई दिल्ली. दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है, जहां ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) हाल ही में हुए पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए अपना विरोध-प्रदर्शन जारी रखे हुए है. इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की एक टुकड़ी तैनात की गई थी. इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कनॉट प्लेस में हुई ताज़ा हिंसा में दिल्ली पुलिस का एक अधिकारी घायल हो गया, जब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकीं. दिल्ली पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस में टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिससे कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत घायल हो गए.
इस बीच, आरोप है कि पुलिस ने विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल को मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मिलने से रोक दिया. JMM सांसद महुआ माजी ने पत्रकारों से कहा, “यह विरोध प्रदर्शन सत्र शुरू होने से 22 दिन पहले से चल रहा था. उस समय दिल्ली सरकार कहां थी?… आज हम सोनम वांगचुक से मिलने गए थे. हमें उनसे मिलने क्यों नहीं दिया गया? हमें गेट पर ही रोक दिया गया. उनकी पत्नी ने हमें बताया कि उनके पास ऐसा कोई अदालती आदेश नहीं है जो किसी को उनसे मिलने से रोकता हो…”
RJD सांसद संजय यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण युवा ‘परेशान’ हैं. उन्होंने पत्रकारों से कहा, “इतने बड़े पैमाने पर जनता के विरोध के बावजूद, अगर सरकार यह कहती है कि छात्रों के मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए, तो यह सरकार के अहंकार की पराकाष्ठा है… यह किसी राजनीतिक दल या किसी संगठन का काम नहीं है. आपकी नीतियों से परेशान और आपके लाठी-चार्ज से प्रताड़ित युवा यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं…” एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अपनी 25 दिन लंबी भूख हड़ताल खत्म करने की शर्त के तौर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने के आश्वासन की मांग दोहराई है.
सीजेपी प्रोटेस्ट लाइव अपडेट: ‘धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं, छात्रों से मांगें माफी’, PM मोदी के ऐलान पर बोले राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं. 23 जुलाई की सुबह पीएम मोदी की ओर से पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा के बाद राहुल गांधी ने फिर से अपनी मांगें दोहराईं. पीएम मोदी की घोषणा के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है. आपने हमारी शिक्षा व्यवस्था पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया. उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया.” राहुल गांधी ने आगे लिखा, “छात्रों की मांगें साफ हैं कि धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं. छात्रों से माफी मांगें और छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें.”
संसद मॉनसून सत्र लाइव अपडेट: सुरजेवाला ने राज्यसभा में दिया स्थगन नोटिस, नीट प्रश्नपत्र लीक पर चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्यसभा में सभी कामकाज स्थगित कर नीट प्रश्नपत्र लीक, प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और शिक्षा सुधारों पर चर्चा कराने के लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिया. सुरजेवाला ने अपने नोटिस में कहा, “मैं राज्यसभा की कार्यवाही एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 267 के तहत 23 जुलाई, 2026 के लिए सूचीबद्ध कार्यवाही को स्थगित करने संबंधी निम्नलिखित प्रस्ताव पेश करने के अपने आशय की सूचना देता हूं.” उन्होंने कहा, “यह सदन शून्यकाल तथा प्रश्नकाल और दिन के अन्य निर्धारित कार्यों से संबंधित नियमों को स्थगित कर भारत की परीक्षा प्रणाली में व्याप्त संस्थागत संकट पर तत्काल चर्चा करे.”
सीजेपी प्रोटेस्ट लाइव अपडेट: उन युवाओं की आंखों में देखना चाहिए जो… खरगे ने PM मोदी को लिखा पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उन युवाओं की आँखों में देखना चाहिए जो विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर घायल हुए. प्रधानमंत्री मोदी द्वारा युवाओं के पक्ष में ज़ोरदार बात कहने और यह कहने के बाद कि जो लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा, खरगे ने कहा कि युवाओं के लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं और पूछा कि वे कहां जाएं. परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों के विरोध प्रदर्शन का ज़िक्र करते हुए उन्होंने ‘X’ पर कहा, “नरेंद्र मोदी जी, आपकी देखरेख में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है. हमें खोखली बातों या टुकड़ों में की गई घोषणाओं की ज़रूरत नहीं है. आपकी सरकार ने युवाओं पर लाठीचार्ज किया, पेलेट गन और शॉक बैटन का इस्तेमाल किया और बिना किसी डर के बेरहमी से बर्बरता की, मानो वे हमारे अपने बच्चे ही न हों.”
सीजेपी प्रोटेस्ट लाइव अपडेट: ‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, पेपर लीक मामलों में होगा फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा की. पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने और केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा.”
पीएम मोदी ने पोस्ट में आगे लिखा, “इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें.” उन्होंने फैसले को छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए सरकार की ओर से लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.”
सीजेपी प्रोटेस्ट लाइव अपडेट: दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन ‘सुरक्षा कारणों’ से बंद
राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, आईटीओ और खान मार्केट सहित दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगला आदेश आने तक सुरक्षा कारणों से बृहस्पतिवार सुबह बंद कर दिए गए. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यह जानकारी दी. यह कदम जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जारी प्रदर्शन में भीड़ बढ़ने के बाद उठाया गया. डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे.”