भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

ई-टेलीमेडिसिन व मोबाइल पोषण वैन की प्रगति की डीसी ने की समीक्षा




सिटी रिपोर्टर | बोकारो गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में ई-टेलीमेडिसिन एवं मोबाइल पोषण वैन कार्यक्रम की प्रगति का समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज कुमारी फाउंडेशन की ओर से गोमिया एवं पेटरवार प्रखंडों में संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बताया गया कि गोमिया एवं पेटरवार प्रखंड के 27 आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषक क्षेत्रों में मोबाइल पोषण एवं ई-टेलीमेडिसिन कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं पहुंचाई जा रही है। अब तक 828 बच्चों की पोषण जांच की गई है, जिनमें से कुछ बच्चों को गहन पोषण देखभाल (इंटेंसिव केयर पाथवे) से जोड़ा गया है। वहीं 653 लोगों को टेली-मेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। नियमित पोषण आहार, स्वास्थ्य परामर्श और सतत निगरानी के कारण अल्प अवधि में ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में उत्साहजनक सुधार दर्ज किया गया है। डीसी ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को सुरक्षित करने का अभियान है। उन्होंने नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल, धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक सक्षम बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों का समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर एमटीसी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने एवं केंद्रों के प्रति विश्वास बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी हमारे गांवों में उपलब्ध पारंपरिक एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों में ही निहित है। उन्होंने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों के बजाए स्थानीय पोषक आहार को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से कुपोषण उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद, डीएमओ रवि कुमार, समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह आदि थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top