सिटी रिपोर्टर | बोकारो राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह आयोजित होने वाले थाना दिवस के तहत गुरुवार को चास थाना परिसर में आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस से जुड़ी समस्याओं का संयुक्त रूप से समाधान करना था। हालांकि, इस बार चास अंचल के कोई भी राजस्व अधिकारी या अंचल पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, जिसके कारण अधिकांश मामलों का मौके पर निष्पादन नहीं हो सका। सुनवाई के लिए मजिस्ट्रेट जया कुमारी व चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि फरियादियों ने जमीन विवाद, रास्ता अवरोध, आपसी मारपीट, अतिक्रमण और अन्य शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतें सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने तथा कुछ मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया। बता दें कि कई फरियादियों को उनका मसला नहीं सुलझने के कारण निराश होकर लौटना पड़ा।
Source link