Last Updated:
Dhaulpur ground report : धौलपुर की लीला विहार और कृष्णा विहार कॉलोनी में 2 साल से सीवर जाम है. सड़कों पर गंदा पानी भरा है, खुले सीवर चैंबर से हादसे का डर है. निवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की. स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन करीब 10 फुट गहरी है. अगर कोई बच्चा, बुजुर्ग या राहगीर गलती से खुले चैंबर में गिर जाए तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता है.
धौलपुर. “कलेक्टर साहब, पानी के नीचे मौत छिपी है.” यह कहना है धौलपुर शहर की लीला विहार और कृष्णा विहार कॉलोनी के लोगों का. कॉलोनी में पिछले करीब दो साल से सीवर जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है. सीवर उफान पर होने के कारण सड़कों पर हर समय गंदा पानी भरा रहता है. सबसे बड़ी चिंता यह है कि सड़क के बीच बने करीब 10 से 15 फुट गहरे सीवर चैंबर का ढक्कन खुला हुआ है. जलभराव के कारण यह चैंबर दिखाई नहीं देता, जिससे हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है.
स्थानीय निवासी अशोक कुमार बघेल ने बताया कि पिछले दो वर्षों से ऋषि गलाव विद्यालय के पास स्थित कृष्णा विहार और लीला विहार कॉलोनी के लोग सीवर जाम की समस्या से परेशान हैं. सीवर जाम होने के कारण पूरी सड़क पर दूषित और बदबूदार पानी भरा रहता है. पानी के नीचे खुला सीवर चैंबर छिपा रहता है, जिससे यह जगह लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है. उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं.
बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है. बच्चे रोज इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी यूनिफॉर्म भी खराब हो जाती है. वहीं गंदे पानी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है. डर के कारण कई परिवारों ने बच्चों का अकेले घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया है.
खुले चैंबर से हर समय हादसे का डर
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन करीब 10 फुट गहरी है. अगर कोई बच्चा, बुजुर्ग या राहगीर गलती से खुले चैंबर में गिर जाए तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता है. कॉलोनी के लोगों ने कई बार नगर परिषद, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
कॉलोनीवासियों का कहना है कि खुले सीवर चैंबर और लगातार जलभराव की वजह से हर समय डर का माहौल बना रहता है. लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द सीवर जाम की समस्या का समाधान कराया जाए और खुले चैंबर पर ढक्कन लगाया जाए, ताकि किसी भी तरह की जनहानि होने से पहले इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…
और पढ़ें