Last Updated:
Durand Cup 2026: फुटबॉल प्रेमियों के लिए झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी खुशखबरी है. देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के मुकाबले के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पूरी तरह तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि दर्शक बिना किसी शुल्क के इन रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे. 29 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में इंटरनेशनल स्तर की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और शानदार उद्घाटन समारोह की तैयारी की जा रही है. रांची में डूरंड कप के आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
भारत के सबसे प्रतिष्ठित फुटबाल टूर्नामेंट डूरंड कप का 26 जुलाई से आगाज हुआ है, जिसका 16 अगस्त को मैच झारखंड की राजधानी रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में खेला जाना है. यहां फुटबाल का क्रेज़ अभी से ही देखा जा रहा है. सबसे खास बात यह है कि मैच पूरी तरह से नि:शुल्क होगा. यहां पास के लिए कोई पैसे नहीं देने होंगे और पूरे स्टेडियम को इंटरनेशनल लेवल पर सजाया जा रहा है.
खेल निदेशक छवि रंजन ने इस मामले में प्रेस वार्ता कर कई अहम जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि 22 तारीख से ही फ्री एंट्री पास मिलना शुरू हो गया. इसके लिए 12 काउंटर बनाये जा चुके हैं. एक व्यक्ति को मैक्सिमम 4 पास मिलेगा. टिकट लेने के लिए पहचान पत्र साथ मिलना बेहद जरूरी है. स्टेडियम की क्षमता लगभग 29000 की है. ऐसे में एक साथ इतने सारे लोग बैठकर फुटबॉल मैच का लुफ्त उठा पाएंगे.
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान सीएम हेमंत सोरेन तो मौजूद होंगे ही. साथ ही, सेना की ओर से एयर शो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहेगा. कई तरह के करतब आसमान में लोगों को देखने को मिलेंगे. इसके अलावा स्टेडियम में 8000 सीटें केवल मीडिया पर्सन के लिए रिजर्व की गई हैं. वहीं, वीआईपी बॉक्स के आगे हाई क्वालिटी ग्लास लगाई गई है. स्टेडियम के बाहर साफ सफाई का काम काफी तेजी से जारी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस संबंध में खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि डूरंड कप के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षा, पार्किंग, टिकट वितरण, दर्शकों की सुविधा, चिकित्सा व्यवस्था और अन्य सभी जरूरी इंतजाम मुकम्मल कर लिए गए हैं.
खेल प्रेमियों के बीच अच्छा खासा उत्साह देखा जा रहा है. टिकट लेने के लिए आए संदीप बताते हैं कि यहां व्यवस्था काफी सुचारू रूप से देखने को मिल रही है. क्योंकि 12 काउंटर हैं, इसलिए टिकट लेने में कोई परेशानी नहीं है. बड़ी आसानी से टिकट मिल रहा है. इतने प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का 6 मैच झारखंड को मिलना यह बहुत बड़ी बात है. यहां पर फुटबॉल प्रेमी बहुत हैं. हम चाहते हैं कि इस तरह का आयोजन आगे भी होता रहे.