![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव सह वेदव्यास जयंती 2026 श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष विनोद राय, सचिव अजय प्रसाद, प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा, जीतराम बराइक व श्यामसुंदर कुमार ने मां सरस्वती, ऊं और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने परिचय भी कराया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी में अपने विचार व्यक्त किए। आयुषी कुमारी ने संस्कृत में, काव्या मेहता ने हिंदी में, तथा वैष्णवी कुमारी ने अंग्रेजी में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कक्षा नवम की शिवानी व उनकी सहेलियों ने ‘गुरु में संसार समाया’ गीत प्रस्तुत किया। कक्षा दशम की निधि व उनकी सहेलियों ने ‘गुरु प्रेम बनाए रखना’ गीत प्रस्तुत किया। दोनों प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। आचार्य उद्बोधन में प्रमेंद्र कुमार सिंह ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्यों ने विद्यालय के आचार्यों को अंगवस्त्र भेंट किए। उन्होंने आचार्य सम्मान से सम्मानित भी किया। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “गुरु वह प्रकाश हैं, जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान, संस्कार और जीवन का सही मार्ग दिखाते हैं।” उपाध्यक्ष विनोद राय ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु का ज्ञान जीवन में सफलता, सुख और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। कार्यक्रम के अंत में श्यामसुंदर कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सेनापति भैया के नेतृत्व में सामूहिक वंदे मातरम हुआ। इसके साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कक्षाकक्ष सज्जा प्रतियोगिता में बाल वर्ग में कक्षा अष्टम की निवेदिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में कक्षा नवम की मीरा प्रथम स्थान पर रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने विजेता कक्षाओं को बधाई दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Source link