Last Updated:
Jharkhand News : झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितता के विरोध में छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. गुरुवार को आदिवासी छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने करमटोली से अल्बर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और परीक्षाओं की जांच सीआईडी के बजाय सीबीआई से कराने की मांग दोहराई.
रांची में JPSC-JSSC को लेकर आंदोलन बढ़ता जा रहा है
रांची. झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी और अनियमितता को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब लगातार बड़ा होता जा रहा है. गुरुवार को बड़ी संख्या में आदिवासी छात्रावास के छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए और पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. अभ्यर्थियों ने दोनों आयोगों की परीक्षाओं की जांच सीआईडी नहीं, बल्कि सीबीआई से कराने की मांग दोहराई. आंदोलन के कारण राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही.
जानकारी के मुताबिक, करमटोली चौक स्थित आदिवासी छात्रावास से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पैदल मार्च करते हुए कचहरी चौक, शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे. यहां उन्होंने राज्य सरकार और दोनों आयोगों के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी करते रहे और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते रहे. इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस आदिवासी छात्रावास लौट गए.
रांची में लगातार तेज होता जा रहा है आंदोलन
प्रदर्शन के दौरान ट्राइबल छात्रों ने कहा कि वे जयपाल सिंह स्टेडियम में पहले से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में सड़क पर उतरे हैं. उनका कहना है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की जांच सीआईडी के बजाय सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके. गौरतलब है कि JPSC और JSSC परीक्षा विवाद को लेकर राजधानी रांची में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. गुरुवार को यह आंदोलन छठे दिन में प्रवेश कर गया. शुरुआत में अभ्यर्थी मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में धरना दे रहे थे, लेकिन बुधवार से आंदोलन को जयपाल सिंह स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया है.
कई जिलों से अभ्यर्थी पहुंच रहे हैं रांची
आंदोलन में झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लगातार रांची पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि इस प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है. हर गुजरते दिन के साथ आंदोलन का दायरा बढ़ रहा है और अभ्यर्थियों की भीड़ भी लगातार बढ़ती जा रही है. इस बीच, पैदल मार्च के कारण कचहरी चौक से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही. कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालांकि पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से फैसला नहीं लेती और परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलन का बढ़ता दायरा अब राज्य सरकार के लिए नई चुनौती बनता नजर आ रहा है.
About the Author
Utkarsh Kumar is a senior multimedia journalist and digital newsroom leader with more than 15 years of experience across print, television, and digital media. He currently serves as the Chief S…
और पढ़ें