रांची4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पहाड़ी मंदिर के गेट पर की गई भव्य सजावट। और सुरेश्वर धाम में सजा बाबा का दरबार।
शिवालयों की सुरक्षा के लिए 1500 अतिरिक्त जवान तैनात, जैप व आईआरबी के 450 जवान भी रहेंगे।
सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी के सभी प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 1500 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
पिछले वर्ष सावन के दौरान हुई चेन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को देखते हुए इस बार पुलिस ने विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे लिबास में भी जवान तैनात रहेंगे।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में जैप और आईआरबी के 450 अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं, जिनमें 150 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील इलाकों में बाइक दस्ते तैनात किए गए हैं, जबकि पीसीआर और पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे।
सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है। शिवालयों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से भी की जाएगी। कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधि दिखते ही संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी राकेश रंजन स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस; सादे लिबास, बाइक दस्ते, सीसीटीवी और पीसीआर से होगी निगरानी।
पुलिस की अपील
- मंदिर में अधिक मात्रा में सोने के गहने पहन कर जाने से बचें।
- मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
- किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पहाड़ी मंदिर में आज रूट डायवर्ट रहेगा
सोमवार सुबह 4 बजे से पहाड़ी मंदिर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली और बालाजी मंदिर के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों को पहले ही रोक दिया जाएगा।
यहां पार्क करें वाहन…
- बिरला मैदान
- बानो मंजिल रोड स्थित मैदान
- आरयू फुटबॉल मैदान
पिछले साल सावन में हुईं चेन छिनतई की घटनाएं…
- 5 अगस्त : सदर थाना क्षेत्र के चुना भट्ठा स्थित कुटी गली निवासी मंजुला मिश्रा से अपराधी दिनदहाड़े चेन छीनकर फरार हो गए।
- 4 अगस्त : गोंदा थाना क्षेत्र स्थित विद्यापति नगर निवासी मानमती साहू सुबह लगभग 10 बजे पूजा करने के लिए मंदिर पहुंची थीं। वहां किसी ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली।
- 16 जुलाई : सदर थाना क्षेत्र के बरियातू रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में रहने वाली मीनी कुमारी के गले से अपराधियों ने चेन छिनतई कर ली।
- 30 जुलाई : कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे स्थित एसबीआई एटीएम गली के पास दुकान से घर जा रही महिला के गले से अपराधी चेन झपटकर फरार हो गया।
- 11 जुलाई : पंडरा ओपी क्षेत्र के ओझा मार्केट स्थित जोड़ा मंदिर से पूजा कर घर लौट रही बेबी देवी के गले से बाइक सवार अपराधी दिनदहाड़े चेन झपटकर फरार हो गया।
- 21 जुलाई : पंडरा ओपी क्षेत्र के बनहोरा स्थित रंकाटोली निवासी निधि कुमारी से अपराधी चेन झपट कर फरार हो गया। निधि रात लगभग 9 बजे मां के साथ घर जा रही थी।
पहाड़ी मंदिर
- पट खुलने का समय : सुबह 3:30 बजे
- पट बंद होने का समय : रात 9 बजे
- प्रवेश : दाहिनी ओर बने भव्य गेट से
- निकासी : मुख्य गेट व महाकाल मंदिर के बगल से और जलाभिषेक के बाद नारियल फोड़ने वाले स्थान की ओर से निकासी होगी।
- हेल्पलाइन नंबर : 9234456271 – राजकुमार शर्मा, पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्य | 9431788800 – सुखदेवनगर थाना प्रभारी
सुरेश्वर धाम, चुटिया
- पट खुलने का समय : सुबह 4 बजे
- पट बंद होने का समय : रात 9 बजे
- प्रवेश : पश्चिम द्वार
- निकासी : दक्षिण द्वार
- सुरक्षा व्यवस्था : 30 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 300 फीट लंबी बैरिकेडिंग, 250 स्वयंसेवक मुस्तैद।
- हेल्पलाइन नंबर : 8002002060 – संतोष कुमार, महासचिव | 9431706165 – चुटिया थाना प्रभारी
बूढ़ा महादेव मंदिर, अरगोड़ा
- पट खुलने का समय : सुबह 4 बजे।
- पट बंद होने का समय : रात 9 बजे।
- प्रवेश : मंदिर के मुख्य गेट से।
- निकासी : मंदिर के मुख्य गेट से।
- सुरक्षा व्यवस्था : सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, 20 अतिरिक्त जवानों की तैनाती, भीड़ नियंत्रित करने के लिए 100 स्वयंसेवक मुस्तैद।
- हेल्पलाइन नंबर : 9430115397 – शिव प्रभात साहू | 9431706170 – अरगोड़ा थाना प्रभारी
