Last Updated:
Jharkhand JPSC Protest: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है. रांची में धरनास्थल पर चार और छात्रों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है. इसका अर्थ यह कि अब कुल पांच छात्र-छात्राएं अनशन पर हैं. इसी बीच 14वीं जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में CID ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है.
जेपीएससी परीक्षा अनियमितता, छात्र आंदोलन तेज, CID की बड़ी कार्रवाई
रांची. झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. आंदोलन ने तब नया मोड़ ले लिया, जब चार और छात्रों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी. 10 दिनों से अधिक समय से चल रहे छात्रों के इस आंदोलन को अब ओर जोर देने के लिए आंदोलनरत सविता कुमारी, राहुल, उमा हबीबा, और रूपेश पाल ने भूख हड़ताल कर दिया है. छात्रों ने कहा कि उनकी मांगें जब तक पूरी नहीं होंगीं तब तक अब ये भूख हड़ताल जारी रहेगी. इस बीच भूख हड़ताल शुरू होने से पहले डॉक्टरों की टीम धरनास्थल पहुंची और सभी छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. मिली जानकारी के अनुसार, दो दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो की मेडिकल जांच भी की गई, जिसमें उन्हें फिलहाल स्वस्थ बताया गया.
छात्रों की मांग क्या है?
बता दें कि आंदोलन कर रहे छात्र जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा समेत कई भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं हुई हैं. छात्र पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हाल के दिनों में इस आंदोलन को कई छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला है.
CID की बड़ी कार्रवाई, तीन और आरोपी गिरफ्तार
इधर, 14वीं जेपीएससी परीक्षा अनियमितता मामले की जांच कर रही CID ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश कुमार, बुद्धेश्वर भगत और रमेश कुमार के रूप में हुई है. CID थाना कांड संख्या 16/26 के तहत की गई इस कार्रवाई में एजेंसी ने डिजिटल और अभिलेखीय साक्ष्य भी जब्त किए हैं. जांच एजेंसी का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है और आगे भी नए सबूत मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी.
अब तक 14 गिरफ्तार, जांच का दायरा लगातार बढ़ा
वहीं, CID के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पहले 11 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. जांच के दौरान JPSC कार्यालय, परीक्षा से जुड़ी एजेंसी TDPL और कई अन्य स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है. पूर्व में आयोग के अधिकारियों और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की गई थी. जांच एजेंसी का कहना है कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और किसी भी स्तर पर मिली भूमिका की जांच होगी.
सरकार ने जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की
जबकि, राज्य सरकार का कहना है कि पूरे मामले की CID जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी. ऐसे में झारखंड का यह भर्ती विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ बड़ा राजनीतिक और सामाजिक मुद्दा भी बनता जा रहा है.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…
और पढ़ें