Last Updated:
झारखंड में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है. देवघर और दुमका समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. अगले 5 दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा. इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
रांची: झारखंड में आज रविवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम के इस बदलाव का असर मुख्य रूप से देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा समेत आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा.
राज्य के बाकी हिस्सों का हाल
- मौसम विभाग ने कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और बोकारो समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान जताया है. वहीं, दक्षिणी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
शनिवार को कैसा रहा मौसम?
- इससे पहले शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. यहां 7.4 मिलीमीटर बारिश हुई.
- इसके अलावा जमशेदपुर में 52.4 मिमी, डाल्टनगंज में 13.6 मिमी, चाईबासा में 9.4 मिमी और बोकारो में 3.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. खूंटी में 19 मिमी और लातेहार में 9 मिमी वर्षा हुई। लोहरदगा और पाकुड़ में मौसम शुष्क रहा. नामकुम में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. हवा में नमी का स्तर काफी अधिक रहा. रांची में अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत और जमशेदपुर में 98 प्रतिशत दर्ज की गई.
अगले 5 दिनों तक लगातार होगी बारिश
- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 12 अगस्त तक पूरे झारखंड में बादल छाए रहेंगे. राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है.
- 10 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 11 और 12 अगस्त को भी बिजली गिरने और तेज हवा का दौर जारी रहेगा. इसके बाद 13 और 14 अगस्त को भी अधिकांश जिलों में बारिश होने और बादल छाए रहने का अनुमान है. पूरे राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है.
रांची में कैसा रहेगा मौसम?
- रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा. 12 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
- इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री के आसपास रहेगा. 13 और 14 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहेगा.
राज्य में अब भी सामान्य से 21% कम बारिश
- आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. झारखंड में अब तक औसतन 465.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 590.8 मिमी होना चाहिए था.
- चतरा में 55% और गोड्डा में 57% बारिश की भारी कमी है. देवघर में 46%, गिरिडीह में 41% और कोडरमा में 43% कम बारिश हुई है. हालांकि, पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21% अधिक बारिश दर्ज की गई है. रांची और साहिबगंज में केवल 8% की कमी रही है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें