Last Updated:
छात्रों की सरकार के साथ बैठक खत्म. छात्रों ने कहा कि सरकार ने हमारी 50% से अधिक मांगे मानी है. सरकार जेपीएससी परीक्षा रद्द करने पर सहमत है. टीडीपीएल पर सीआईडी और ईडी जांच पर सहमति है. सीजेएल पर सरकार की सहमति नहीं बनी. सरकार ने सीजेएल पर सिर्फ न्यायिक जांच की बात कही लेकिन, छात्रों की मांग सीबीआई जांच की है. ऐसे में छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है.
रांची: झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के 3 सदस्यों ने JPSC-JSSC उम्मीदवारों के चल रहे विरोध के बीच इस्तीफा दे दिया है. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार की सिफारिश के आधार पर, झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन के सदस्य अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हंसदा और जमाल अहमद के दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है. झारखंड में चल रहे जेपीएससी-जेएसएससी प्रदर्शन पर छात्रों और सरकार के बीच आज की बातचीत में भी पूरी तरह से सहमति नहीं बनी.
जेपीएससी की हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली को लेकर आयोग पहले से विवादों में है. अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की जा रही है. इसी बीच तीन सदस्यों के एक साथ इस्तीफे को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. इधर, कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच कर रहा अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) आयोग के तीनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगा.
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को डॉ. अजीता भट्टाचार्य, मंगलवार को डॉ. अनिमा हांसदा और बुधवार को डॉ. जमाल अहमद से पूछताछ की जाएगी. जरूरत पड़ने पर तीनों को दोबारा भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. इससे पहले सीआईडी जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते से चार दौर में पूछताछ कर चुकी है. उनसे परीक्षा प्रक्रिया और आयोग के स्तर पर लिए गए फैसलों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली गई थी.
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है. शनिवार को पांच दिनों की रिमांड के दूसरे दिन मुख्य सचिव कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार और परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह से भी पूछताछ जारी रही.
जांच एजेंसी दोनों से परीक्षा प्रक्रिया, कथित अनियमितताओं और संबंधित लोगों के बीच संपर्क को लेकर जानकारी जुटा रही है. पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीआईडी आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, जांच में मिले सुरागों के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें