जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में बेरोजगार यूथ के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर सामने आया है. युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग से फिर जॉब कैंप का आयोजन होने जा रहा है. यह रोजगार कैंप 14 अगस्त को संयुक्त श्रम भवन में आयोजित होगा. नौकरी की तलाश में जुटे इच्छुक अभ्यर्थी यहां दस्तावेज के साथ पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं और नौकरी प्राप्त कर सकते हैं. इस बार नौकरी का मौका शिक्षकों के लिए है, जो 20 रिक्त पदों के लिए है.
यहां होगी शिक्षकों की बहाली
फ्रीडम एम्प्लॉयबलिटी एकेडमी (Freedom Employability Academy) के लिए शिक्षक की बहाली होगी. 20 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. शिक्षक की नौकरी पाने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना चाहिए. वहीं, उनकी उम्र सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है. चयनित अभ्यर्थियों को ₹14,500 प्रति माह वेतन दिया जाएगा. कार्यस्थल गृह जिले में ही निवास स्थान से लगभग 5 से 20 किमी की दूरी के तहत उपलब्ध कराया जाएगा.
चयनित अभ्यर्थियों को सुविधाएं और प्रोत्साहन की व्यवस्था
प्रथम बोनस : करिकुलम साइकिल पूरा करने पर ₹10,000
द्वितीय बोनस : लेसन 100 से 120 के दौरान विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति 90% रहने पर ₹6,000
तृतीय बोनस : लेसन 170 से 200 के दौरान विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति कम-से-कम 75% रहने पर ₹6,000
यात्रा भत्ता : शाखा से 5 KM या ज्यादा दूरी पर रहने वाले शिक्षकों को निर्धारित प्रावधान के अनुसार पेट्रोल खर्च की प्रतिपूर्ति
आवास भत्ता : कार्य के लिए 20 किमी या ज्यादा दूरी पर ट्रांसफर की स्थिति में अधिकतम ₹3,000 प्रति माह
अन्य सुविधाएं : सवैतनिक अवकाश और चिकित्सा बीमा (ESI) की सुविधा
जॉब कैंप में भाग लेने के लिए पंजीकरण जरूरी
जिला नियोजन कार्यालय, जहानाबाद ने इच्छुक और योग्य लोगों से रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. कंपनी में चयन के लिए एनसीएस पोर्टल (NCS Portal) पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है. जानकारी के मुताबिक, जॉब कैम्प में भाग लेने और चयन की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है. योग्य अभ्यर्थी निर्धारित तारीख को जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचे और जॉब कैम्प में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं.