![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो जीजीपीएस चास में विद्यार्थी परिषद का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीआरपीएफ की 26वीं बटालियन के सेकंड इन कमांड यशवीर सिंह, सचिव सुरेंद्र पाल सिंह तथा प्रबंधन समिति के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पद की शपथ दिलाई गई। परिषद का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा छात्रों और विद्यालय प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित करना है। परिषद में सांस्कृतिक प्रभारी रोनित एवं याशिका, साहित्यिक प्रभारी आरुप एवं अन्वी तथा अनुशासन प्रभारी राजेश एवं आरुपि बनाए गए। क्रीड़ा प्रभारी का दायित्व अजय एवं शिवानी को दिया गया। विभिन्न सदनों में भी कप्तान एवं उपकप्तान नियुक्त किए गए। मुख्य अतिथि यशवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही जिम्मेदारियां देने से बच्चों में कार्यकुशलता और आत्मविश्वास का विकास होता है तथा वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। जीजीपीएस अध्यक्ष तरसेम सिंह ने विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सचिव सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ विद्यालय प्रबंधन और छात्रों के बीच सेतु का कार्य करेगी। प्राचार्या श्रीमती मनवांनिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। गौतम शंकर नारायण शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
Source link