![]()
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गोलक बिहारी सेन के परिजन को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में सेनानी के योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति आभार जताया। उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा के नेतृत्व में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा, अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू और थाना प्रभारी जामताड़ा रंजीत कुमार स्वर्गीय गोलक बिहारी सेन के आवास पहुंचे। अधिकारियों ने उनकी धर्मपत्नी ठंडा वाला सेन को शॉल और बुके प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन समर्पित किया। उनके संघर्ष और योगदान के कारण ही आज देश स्वतंत्र वातावरण में आगे बढ़ रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों का सम्मान करना समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने स्वर्गीय गोलक बिहारी सेन के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को स्मरण करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों से अधिकारियों ने बातचीत भी की और उनका हालचाल जाना। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की इस पहल से स्वतंत्रता सेनानी के परिवार में भावुकता का माहौल रहा।
Source link