जामताड़ा जिला अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह का गुरुवार देर शाम हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने रांची के पल्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। खबर मिलते ही जामताड़ा के अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बाद पार्थिव शरीर जामताड़ा लाया गया। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ परिसर में शोकसभा हुई। संघ के अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा। दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकसभा के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से खुद को अलग रखा। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मोहनलाल बर्मन ने कहा, सुरेश प्रसाद सिंह का जन्म 1957 में हुआ था। उन्होंने 1992 में जिला अधिवक्ता संघ में योगदान दिया था। तब से लगातार अधिवक्ता के रूप में सेवाएं देते रहे। वह कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। रांची के अस्पताल में इलाज चल रहा था। संघ के उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा, सुरेश प्रसाद सिंह ने अधिवक्ता के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी योगदान दिया। वह मेडिएटर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके थे। उनके निधन से अधिवक्ता समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। संघ के सचिव अरविंद सरकार ने इसे अधिवक्ता समाज के लिए गहरा आघात बताया।
Source link