राजनगर थाना क्षेत्र के टांगरानी-कोलाबाडिया सड़क के बीच स्थित एक नाले से एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान टांगरानी गांव निवासी 35 वर्षीय छोटराय टुडू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए उसे सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। शनिवार रात हो जाने के कारण उस दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद रविवार सुबह 11 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, छोटराय टुडू शनिवार सुबह अपने घर से खेत में काम करने के लिए निकला था। दोपहर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। शनिवार शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों को टांगरानी-कोलाबाडिया के बीच पुलिया के नीचे बहने वाले नाले में एक शव होने की जानकारी मिली। जब परिजनों ने मौके पर जाकर देखा, तो शव छोटराय का ही था। इसके बाद तुरंत राजनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत पानी में डूबने से हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस असमय मौत से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छोटराय का पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद से शोक का माहौल है।
Source link