![]()
पलामू जिले में लगातार बारिश के कारण कोयल नदी एक बार फिर उफान पर है। पांच दिनों के भीतर दूसरी बार नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मेदिनीनगर के कोयल रिवर फ्रंट पर कुछ युवा जान जोखिम में डालकर नदी के तेज बहाव में तैराकी और स्टंट कर रहे हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों को अलर्ट पर रखा है। हालांकि, लोगों को नदी किनारे जाने और उसमें उतरने से रोकने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने संबंधित अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार हालात पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि पांच दिन पहले भी कोयल नदी के ऊपरी क्षेत्र में हुई भारी बारिश का असर पलामू में दिखा था। तब रात करीब तीन बजे अचानक नदी में बाढ़ आ गई थी। कोयल रिवर फ्रंट पूरी तरह पानी में डूब गया था और आसपास की सड़कों पर नदी का पानी बहने लगा था। पहाड़ी और पंपुकल जैसे इलाकों में स्थिति गंभीर हो गई थी, जहां सड़कों पर पांच फीट तक पानी बह रहा था और कई घरों में भी पानी घुस गया था। एक बार फिर कोयल नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। बारिश का सिलसिला जारी रहने पर नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है।
Source link