भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सैनिकों के लिए जूनियर कैम्ब्रिज स्कूल के विद्यार्थियों ने बनाई हस्तनिर्मित राखियां




रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करने के उद्देश्य से जूनियर कैम्ब्रिज स्कूल में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारतीय डाक विभाग,सिमडेगा शाखा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता से आकर्षक एवं सुंदर हस्तनिर्मित राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों,मोतियों,सजावटी सामग्री सहित विभिन्न सामग्रियों का उपयोग कर राखियां तैयार कीं। राखी बनाते समय बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपनी मेहनत से तैयार की गई राखियों को विद्यार्थियों ने भारतीय डाक विभाग को सौंप दिया। इन राखियों को डाक विभाग के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय डाक विभाग की ओर से राजू कुमार चौधरी,सरोज कुमार, शत्रुघ्न चौधरी (शाखा डाकपाल) एवं अजय वर्मा (डाक सहायक) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियों को प्राप्त किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। डाक विभाग के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा जवानों के लिए भेजी जा रही राखियां उनके प्रति देशवासियों के स्नेह और सम्मान का प्रतीक हैं।विद्यालय के शैक्षणिक समन्वयक राहुल कुमार ने भारतीय डाक विभाग,सिमडेगा शाखा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति,सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक देश की सुरक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में बच्चों की ओर से भेजी गई हस्तनिर्मित राखियां उनके लिए भावनात्मक जुड़ाव और सम्मान का संदेश लेकर जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से भारतीय डाक विभाग को इस प्रेरणादायक पहल के लिए धन्यवाद दिया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, भाईचारे, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र की सेवा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top