Last Updated:
Handbag business: बोकारो सेक्टर-4 के बैग कारोबारी अरशद के अनुसार, करीब 50 हजार रुपये की शुरुआती पूंजी से लेडीज हैंडबैग का कारोबार शुरू किया जा सकता है. छोटी दुकान के किराए, इंटीरियर और शुरुआती स्टॉक में पूंजी लगाई जा सकती है. 35 हजार रुपये के स्टॉक में करीब 200 से 250 बैग रखे जा सकते हैं. ब्राइडल, डेकोरेटिव, मिरर और कोबा डिजाइन की मांग रहती है. हैंडबैग में करीब 40 से 60 प्रतिशत तक मार्जिन संभव है. कारोबार जमने के बाद हर महीने 40 से 50 हजार रुपये तक कमाई हो सकती है.
बोकारो: आज के समय में लेडीज हैंडबैग महिलाओं की जरूरत के साथ फैशन और स्टाइल का भी अहम हिस्सा बन चुका है. बदलते समय के साथ हैंडबैग के डिजाइन, कीमत और वैरायटी में लगातार बदलाव हो रहा है. यही वजह है कि बाजार में अलग-अलग रेंज और डिजाइन के बैग की मांग बनी रहती है. ऐसे में कम पूंजी में कारोबार शुरू करने वालों के लिए लेडीज हैंडबैग का बिजनेस अच्छी कमाई का विकल्प बन सकता है. बोकारो सेक्टर-4 स्थित फरहान बैग के संचालक अरशद पिछले 21 वर्षों से इस कारोबार से जुड़े हैं.
छोटे स्तर पर इस कारोबार की शुरुआत
वहीं, अपने लंबे अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि करीब 50 हजार रुपये के बजट में छोटे स्तर पर इस कारोबार की शुरुआत की जा सकती है. हालांकि, कारोबार शुरू करने से पहले सही जगह का चुनाव करना जरूरी है. ऐसी लोकेशन बेहतर रहती है, जहां महिलाओं की आवाजाही ज्यादा हो और खरीदारी के लिए अच्छा फुटफॉल मिलता हो.
कम किराए में शुरू हो सकती है दुकान
अरशद के अनुसार, शुरुआत में बड़ी दुकान लेने की जरूरत नहीं है. करीब 5 हजार रुपये के मासिक किराए में छोटी दुकान या कमरा लिया जा सकता है. दुकान के इंटीरियर, रैक और लाइटिंग पर करीब 10 हजार रुपये खर्च किए जा सकते हैं. वहीं, करीब 35 हजार रुपये शुरुआती स्टॉक खरीदने में लगाए जा सकते हैं. 35 हजार रुपये के स्टॉक में अलग-अलग डिजाइन और रेंज के करीब 200 से 250 हैंडबैग आसानी से रखे जा सकते हैं. शुरुआत में किसी एक डिजाइन का ज्यादा माल रखने के बजाय अलग-अलग कीमत और डिजाइन की वैरायटी रखना बेहतर होता है. इससे ग्राहकों को अपनी पसंद और बजट के अनुसार विकल्प मिलते हैं.
इन बड़े बाजारों से खरीद सकते हैं माल
हैंडबैग की थोक खरीदारी के लिए कानपुर, दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े बाजारों से माल लिया जा सकता है. इन जगहों पर अलग-अलग डिजाइन और कीमत की वैरायटी आसानी से मिल जाती है. दुकानदार अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से स्टॉक खरीद सकते हैं. बाजार में ब्राइडल, डेकोरेटिव, मिरर और कोबा जैसे डिजाइन वाले हैंडबैग की मांग रहती है. इसके अलावा फैशन ट्रेंड के साथ नए डिजाइन के पर्स भी तेजी से पसंद किए जाते हैं. इसलिए कारोबार करने वालों को समय-समय पर नए डिजाइन का स्टॉक लाते रहना चाहिए. इससे दुकान पर ग्राहकों को हर बार कुछ नया देखने को मिलेगा.
40 से 60 फीसदी तक हो सकता है मार्जिन
कमाई का मॉडल समझाते हुए अरशद बताते हैं कि हैंडबैग के कारोबार में कमाई खरीद और बिक्री के बीच के मार्जिन से होती है. उनके अनुसार, हैंडबैग में करीब 40 से 60 प्रतिशत तक का मार्जिन रखा जा सकता है.हालांकि, कारोबार की शुरुआत में बहुत ज्यादा मार्जिन रखने के बजाय कम मार्जिन पर सामान बेचना बेहतर रणनीति हो सकती है. इससे स्टॉक तेजी से बिकता है. दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ती है. धीरे-धीरे कस्टमर बेस तैयार होने लगता है. जब कारोबार स्थिर हो जाए और दुकान की अपनी पहचान बन जाए, तो कमाई भी बढ़ सकती है. अरशद के अनुसार, अच्छी बिक्री होने पर हर महीने करीब 40 से 50 हजार रुपये तक कमाए जा सकते हैं.
सोशल मीडिया से बढ़ा सकते हैं कारोबार
हैंडबैग का कारोबार केवल दुकान तक सीमित रखने की जरूरत नहीं है. दुकानदार सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर नए डिजाइन के बैग की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए जा सकते हैं. इससे दुकान पर आने वाले ग्राहकों के अलावा ऑनलाइन ग्राहक भी जुड़ सकते हैं. नए डिजाइन और कीमत की जानकारी सोशल मीडिया पर देने से लोगों को खरीदारी का विकल्प मिलता है. ग्राहक अपने पसंद के बैग के बारे में घर बैठे जानकारी ले सकते हैं. इस तरह करीब 50 हजार रुपये की शुरुआती पूंजी से लेडीज हैंडबैग का छोटा कारोबार शुरू किया जा सकता है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें