![]()
हंसडीहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम और देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पहला हादसा हंसडीहा-गोड्डा एनएच-133 पर बारीडीह गांव के समीप हुआ। दूसरा हादसा हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर डाक बंगला के समीप हुआ। बारीडीह निवासी जितेंद्र महतो मंगलवार देर रात हंसडीहा से हटिया कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोड्डा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जितेंद्र महतो की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्वजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे व फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-133 जाम कर दिया। जितेंद्र महतो परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। वहीं दूसरी घटना हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर डाक बंगला के समीप मंगलवार देर शाम हुई। सड़क किनारे जा रहे करीब 80 वर्षीय शिवपूजन जायसवाल को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार फरार हो गया। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेंद्र राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। इलाज के दौरान शिवपूजन जायसवाल की मौत हो गई। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि हंसडीहा बाजार के सभी मुख्य सड़कों का अतिक्रमण जबतक सही तरीके से नहीं हटाया जाएगा। हादसे होते रहेंगे। क्योंकि सड़क का काफी हिस्सा दुकानदारों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। हाइवे पर गुजरने वाले वाहन कई बार अतिक्रमण के कारण अनियंत्रित हो जाती है। बोरियो/साहिबगंज | बोरियो-बोआरीजोर मुख्य पथ पर दनवार मोड़ स्थित हिमालियन स्कूल के समीप बुधवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार चालक समेत दो युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गोरोंडा निवासी 25 वर्षीय सुशील मुर्मू अपाचे बाइक से बोरियो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दनवार मोड़ के समीप तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में सुशील मुर्मू समेत बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल हो गया। बोरियो थाना के एएसआई सुधीर कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. सुदामा कुमार ने घायलों का इलाज किया। मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
Source link