भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

गिरिडीह में कार-बाइक में टक्कर, बिहार के युवक की मौत:एक गंभीर रूप...




गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेंगाबाद-मधुपुर मुख्य मार्ग (एनएच-114ए) पर झलकडीहा के पास एक सड़क दुर्घटना हुई। इसमें बिहार के चकाई थाना क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के एकतारा निवासी 35 वर्षीय सबस्टीन मरांडी उर्फ सुभाष के रूप में हुई है। बाइक पर सवार 26 वर्षीय महासोल मुर्मू भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक शुक्रवार को बाइक पर बेंगाबाद से मधुपुर की ओर जा रहे थे। झलकडीहा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सबस्टीन मरांडी को मृत घोषित कर दिया। महासोल मुर्मू की गंभीर हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है। बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में कांवरिया सवार थे, जो देवघर में पूजा-अर्चना के बाद रांची लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर थाने ले गई है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सबस्टीन मरांडी विवाहित थे और उनकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग तीन वर्ष और छह माह है। उनकी मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top