भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

थाने में ड्यूटी करते-करते प्यार में पड़ीं दो महिला कांस्टेबल, अब कर...


Last Updated:

Wedding News: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ में तैनात दो महिला कांस्टेबलों की शादी इन दिनों चर्चा में है. दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक ही पुलिस स्टेशन में तैनात हैं और अब 30 अगस्त को वैदिक रीति-रिवाजों से शादी करने की तैयारी कर रही हैं. दोनों ने शादी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को छुट्टी का आवेदन भी दिया है, जिसमें शादी का कार्ड लगाया गया है.

एक ही थाने में ड्यूटी करते-करते हुआ प्यार, अब शादी कर रहीं दो महिला कांस्टेबलZoom

दो महिला कांस्टेबलों ने एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है.

दफ्तर में साथ काम करते-करते कब दो लोग एक-दूसरे के करीब आ जाएं, इसकी कहानी अक्सर फिल्मों में देखने को मिलती है. लेकिन महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस कमिश्नरेट में ऐसी ही एक कहानी अब चर्चा का विषय बन गई है. यहां एक ही पुलिस स्टेशन में तैनात दो महिला कांस्टेबलों ने एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है. दोनों इसी 30 अगस्त को वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंधने की तैयारी कर रही हैं.

दिलचस्प बात यह है कि दोनों महिला कांस्टेबलों ने अपनी शादी के लिए पुलिस डिपार्टमेंट से बाकायदा छुट्टी मांगी है. छुट्टी के आवेदन के साथ उन्होंने शादी का कार्ड भी सीनियर अफसरों को भेजा है. इसके बाद पुलिस विभाग के भीतर इस रिश्ते और प्रस्तावित शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

तीन साल साथ ड्यूटी और फिर रिश्ते ने लिया नया मोड़

पुणे मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों महिला कांस्टेबल महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से हैं. पुलिस ट्रेनिंग पूरा करने के बाद दोनों की पोस्टिंग पुलिस मुख्यालय में हुई थी. शुरुआती दिनों में वे दूसरी महिला कांस्टेबलों के साथ रहती थीं. बाद में दोनों की तैनाती पिंपरी-चिंचवाड़ के एक ही पुलिस स्टेशन में हो गई. पिछले करीब तीन वर्षों से साथ ड्यूटी करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. कुछ समय बाद उन्होंने साथ रहना भी शुरू कर दिया. उनके करीबी लोगों को धीरे-धीरे इस रिश्ते की जानकारी हो गई. अब दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए शादी करने का फैसला लिया है.

परिवार को पता चला तो हिल गई जमीन

यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब एक कांस्टेबल के परिवार को दोनों के रिश्ते की भनक लग गई. परिवार ने इस रिश्ते और शादी के फैसले का विरोध किया. परिवार के सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे और इस मामले में पुलिस से दखल की मांग की. हालांकि, सीनियर अफसरों ने दोनों महिला कांस्टेबलों को इस निजी मामले पर अनावश्यक चर्चा से बचने की सलाह दी.

रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार की ओर से जब एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के सामने भी मामला उठाया गया, तो उन्हें बताया गया कि दो बालिग और सहमति से रिश्ते में रह रहे लोगों को पुलिस शादी करने से नहीं रोक सकती.

शादी में फंसा कानूनी पेंच

दोनों कांस्टेबल अलंदी में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह समारोह करने की तैयारी में हैं. हालांकि, इस समारोह को मौजूदा भारतीय कानून के तहत वैधानिक विवाह का दर्जा मिलने का रास्ता फिलहाल साफ नहीं है.

अक्टूबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता देने से इनकार करते हुए कहा था कि इस संबंध में कानून बनाना संसद के अधिकार क्षेत्र में आता है. हालांकि, कोर्ट ने LGBTQIA+ लोगों के अपने साथी चुनने और सहमति से रिश्ते में रहने के अधिकार को मान्यता दी थी.

एक महिला कांस्टेबल बदलवा रही अपना जेंडर

खबर है कि इन दोनों में से एक कांस्टेबल अपना लिंग बदलवाने की प्रक्रिया से गुजर रही हैं और इसके लिए मुंबई के एक बड़े अस्पताल में इलाज करा रही हैं. बताया जा रहा है कि दोनों यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ट्रांजिशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्या उनके रिश्ते को कानूनी रूप से रजिस्टर कराया जा सकता है. हालांकि, इस पर लागू कानूनी प्रक्रिया व्यक्ति के आधिकारिक जेंडर स्टेटस और संबंधित विवाह कानून पर निर्भर करेगी.

About the Author

Saad Omar

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.

कहां से …

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top