देश के कई हिस्सों में इन दिनों खूब झमाझम बारिश हो रही है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम सहित उत्तर भारत के कई शहरों में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई. वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए भी यूपी, बिहार, झारखंड से लेकर एमपी छत्तीसगढ़ तक 23 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के मुताबिक, झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके असर से 26 अगस्त को उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों तक बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. यानी बुधवार को देश के कई हिस्सों में छाते और रेनकोट की जरूरत पड़ सकती है.
दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में सोमवार की तेज बारिश के बाद बुधवार यानी 26 अगस्त को भी मौसम खराब रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं. वहीं सुबह से दोपहर के बीच बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली में सोमवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या देखने को मिली थी. हालांकि फिलहाल दिल्ली में बहुत भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन बादलों और हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है.
पूर्वी यूपी में फिर होगी झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश में 26 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ सकता है. पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर 26 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई थी. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश के दौरान निचले इलाकों में पानी भरने और सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
उत्तराखंड में हफ्ते भर बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून आने वाले दिनों में भी सक्रिय रहने वाला है. 25 से 31 अगस्त के बीच राज्य में कई स्थानों पर व्यापक बारिश का अनुमान है. 26 अगस्त को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वालों को मौसम और स्थानीय प्रशासन के अपडेट पर नजर रखने की सलाह है. राज्य में 30 और 31 अगस्त को भी भारी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
बिहार-झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम का सबसे बड़ा असर इस समय झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में दिखाई दे रहा है. झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है. इसके कारण झारखंड में 25 से 29 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
बिहार में भी 26 अगस्त को कई हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक, 25 से 27 अगस्त के बीच राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. बिहार और झारखंड में बारिश के साथ बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
एमपी-छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे बादल
मध्य भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 और 27 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 29 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.
छत्तीसगढ़ में 26 से 29 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सावधानी जरूरी है.
राजस्थान में भी बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान में 26 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 27 अगस्त को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान की तुलना में पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. इस बारिश के दौरान तेज हवाओं और बिजली चमकने की स्थिति को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
बंगाल से ओडिशा तक मानसून एक्टिव
पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर थमने वाला नहीं है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25 से 28 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 28 से 30 अगस्त के बीच बारिश तेज हो सकती है.
ओडिशा में 25 अगस्त के बाद 27 अगस्त और फिर 28 से 30 अगस्त के दौरान बारिश का असर बढ़ सकता है. खास बात यह है कि 28 से 30 अगस्त के बीच ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की भी संभावना है.
पूर्वोत्तर में भी जमकर बरसेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के दूसरे राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में 25-26 अगस्त और फिर 30-31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 28 से 31 अगस्त के दौरान बारिश बढ़ने की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 31 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इन राज्यों में 29-30 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.
महाराष्ट्र और गोवा में भी बारिश का जोर
पश्चिमी भारत की बात करें तो कोंकण और गोवा में 25 से 31 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. मराठवाड़ा में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
विदर्भ में 25 से 28 अगस्त तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 25 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
केरल से तमिलनाडु तक अलर्ट
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. केरल में 25 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि 25-26 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में 25 से 31 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25-26 अगस्त को गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी 25 से 29 अगस्त के बीच तेज हवाओं और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है.
समुद्र में भी खराब मौसम, मछुआरों को सलाह
IMD ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के लिए भी चेतावनी जारी की है. सोमालिया और ओमान के तटों के पास तेज हवाओं का असर रह सकता है. कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप के आसपास भी समुद्र की स्थिति खराब रहने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और श्रीलंका के आसपास के समुद्री इलाकों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है.