![]()
लोहरदगा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत सोमवार से शुरू हुई दावा व आपत्ति से संबंधित सुनवाई प्रक्रिया का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीसी संदीप कुमार मीना ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद कार्यालय व सदर प्रखंड के अरकोसा पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में चल रही सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया। नगर परिषद कार्यालय में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार तथा अरकोसा में अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह-श्रम अधीक्षक आंद्रेयास कुल्लू द्वारा मामलों की सुनवाई की जा रही थी। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों से नोटिस जारी किए गए मामलों, अब तक हुई सुनवाई और मामलों के निष्पादन की जानकारी ली। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मामलों की सुनवाई निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जिन मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है, उन्हें समय रहते इसकी जानकारी उपलब्ध करा दी जाए, ताकि सूचना के अभाव में कोई पात्र मतदाता सुनवाई से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुनवाई में पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने जिले के मतदाताओं से एसआइआर प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि नोटिस प्राप्त मतदाता निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें।
Source link