Last Updated:
FSSAI Action : भारतीय खाद्य नियामक ने बॉर्नविटा जैसे प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी को नोटिस थमाया है. नोटिस के बाद इन कंपनियों ने अपनी लेबलिंग में बदलाव कर दिया गया है. नियामक ने कहा है कि इन कंपनियों के प्रोडक्ट पर सेहत के लिए किए गए दावे पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं.
खाद्य नियामक ने एमवे इंडिया और बॉर्नविटा को नोटिस भेजा है.
नई दिल्ली. बच्चों को ताकतवर बनाने और सेहत सुधारने के दावे करने वाली कंपनी मोंडेलेज इंडिया को खाद्य नियामक ने नोटिस थमा दिया है. नियामक ने कहा है कि उसके प्रोडक्ट बॉर्नविटा के सेहत के दावे पूरी तरह फेल निकले हैं. खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने कहा कि मोंडेलेज इंडिया और एमवे इंडिया समेत कई खाद्य कंपनियों ने उसके नोटिस के बाद अपने उत्पादों के लेबल पर किए गए गुमराह करने वाले दावों को हटा लिया है.
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नियामक द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद बड़े खाद्य व्यवसाय परिचालकों (एफबीओ) ने तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए हैं. सुधारात्मक उपायों में लेबल पर किए गए गुमराह करने वाले दावों को हटाना और उत्पाद की पैकेजिंग में बदलाव करना शामिल है.
मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के मामले में एफएसएसएआई ने पाया कि स्वास्थ्य और पोषक तत्वों की तुलना से जुड़े गुमराह करने वाले दावे किए गए थे.
नोटिस का क्या असर
नोटिस मिलने के बाद मोंडेलेज ने ई-कॉमर्स मंच से दावे और विज्ञापन हटा लिए हैं और नियमों का पालन सुनिश्चित किया है.
साथ ही सैपिएंस लैब्स ने भी सभी गुमराह करने वाले दावे और विज्ञापन हटा लिए हैं. केरल की जूजा फूड्स ने भी गुमराह करने वाले दावे हटा दिए हैं. विची एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मामले में एफएसएसएआई ने गुमराह करने वाले ट्रेड नाम के लिए नोटिस जारी किया था. नियामक ने कहा कि फ्लिपकार्ट से जवाब मिला है, जिसमें इस एफबीओ ने बताया कि उसने अपने मंच से उत्पाद को हटा दिया है.
100 फीसदी वाले दावे खत्म
एफएसएसएआई ने कहा कि एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज कानून का उल्लंघन करते हुए और नाम में 100 फीसदी शुद्ध नारियल तेल जैसे गुमराह करने वाले शब्द 100 फीसदी का इस्तेमाल करते हुए पाई गई. नियामक ने बताया कि एमवे इंडिया ने नियमों के पालन का जवाब देते हुए पुष्टि की कि उसने एफएसएसएआई की सलाह के अनुसार अपनी उत्पाद पैकेजिंग और प्रचार सामग्री से 100 फीसदी शब्द स्वेच्छा से हटा दिया है. एमवे इंडिया एंटरप्राइजेज ने अपने एक्स-एस उत्पाद श्रृंखला पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ शब्द का इस्तेमाल भी बंद कर दिया है और कहा है कि नई पैकेजिंग अगस्त, 2026 में अगले उत्पादन चक्र से लागू होगी.
मुंबई में कई रेस्तरां का लाइसेंस रद्द
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के मामले में दक्षिण मुंबई के अयूब्स रेस्तरां समेत चार होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. एफडीए ने राज्यभर में चलाए गए अभियान के तहत 37 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इनमें से 31 को सुधार के नोटिस जारी किए गए जबकि चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए. इन प्रतिष्ठानों में मुंबई के फोर्ट क्षेत्र स्थित अयूब्स, कुर्ला स्थित मैसर्स संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी संस्था लिमिटेड और नागपुर के बरहामपुर जलेबी सेंटर और स्टेप इन रेस्तरां शामिल हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें