![]()
पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर अंजुमन इस्लामिया समिति, सरायकेला की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम और उत्साह के साथ निकाला गया। मस्जिद रोड स्थित इमामबाड़ा से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए। जुलूस में राष्ट्रीय तिरंगा भी शामिल रहा। जुलूस मस्जिद रोड से निकलकर मुख्य बाजार, बस स्टैंड, पटनायक टोला, गैरेज चौक और थाना चौक होते हुए पुनः मस्जिद रोड पहुंचा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। मिठाइयां वितरित की गईं। जुलूस के दौरान नारे-ए-तकबीर, अल्लाह-हु-अकबर, नारे-ए-रिसालत और या रसूल अल्लाह के नारों से वातावरण गूंजता रहा। इस अवसर पर समाज के लोगों ने पैगंबर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जीवन और उनके संदेशों को अपने आचरण में अपनाने का संदेश दिया। समाज में प्रेम, भाईचारा, इंसानियत और आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया। बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की गई। महिलाओं के सम्मान पर भी जोर दिया गया। उनके साथ होने वाले अत्याचार को रोकने की बात कही गई। जुलूस के अवसर पर मिलादुन्नबी, फातिहा ख्वानी और सलातो-सलाम का आयोजन किया गया। बच्चों ने कुरआन पाक की तिलावत की। देर शाम मिलाद शरीफ का आयोजन हुआ। इसमें पैगंबर-ए-इस्लाम के जीवन और उनके संदेशों पर प्रकाश डाला गया।
Source link