भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रामगढ़ के अलग-अलग इलाकों में हाथियों का आतंक:घरों के दरवाजे तोड़े, अनाज...




रामगढ़ के अलग-अलग इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है। पिछले दो दिनों से सुद्दी पारगड़ा के जंगल में डेरा डाले हाथियों के कारण आसपास के गांवों में दहशत है। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। गुरुवार रात जंगल से निकलने के बाद हाथियों ने सुद्दी पारगड़ा में सुरेश महतो के घर का दरवाजा तोड़ दिया। घर के अंदर रखा करीब 30 क्विंटल चावल खा गया और सामान को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड में एक छोटा बच्चा और एक बड़ा हाथी है। हाथियों ने आसपास के घरों में रखे अनाज को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है। सूचना के बाद भी नहीं पहुंची टीम, ग्रामीणों में नाराजगी ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार क्षेत्र में घूमने से जान-माल का खतरा बना हुआ है। कई परिवारों ने रात में घरों से निकलना बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को हाथियों की मौजूदगी की सूचना दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ी है। ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी से दूर करने और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें उकसाने से बचने की अपील भी की गयी है। ठिकाना बदल रहे हाथी, अब दामोदर किनारे जंगल में डेरा ठिकाना बदल रहे हाथियों ने अब दामोदर किनारे जंगल में डेरा डाल लिया है। भदानीनगर क्षेत्र में खेतों को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का रुख कोयलांचल इलाके की ओर हुआ। हाथियों ने लादी, देवरिया और कुरसे गांव में फसलों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद चिट्टो और सुद्दी क्षेत्र में कई घरों और खेतों को क्षतिग्रस्त करने की बात सामने आई। दो रात से दोनों हाथी सौंदा डी पंचायत क्षेत्र में पहुंचे हैं। रात करीब 2.30 बजे लेनिन चौक की ओर बढ़े। इस दौरान विजय साहू के जनरल स्टोर का शटर तोड़ दिया। शटर टूटने की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले, लेकिन हाथियों के आक्रामक रुख को देखकर वापस घरों में दुबक गए। दोनों हाथी शनिचर बाजार, परियोजना कार्यालय और ऑफिसर्स कॉलोनी होते हुए सेंट्रल सौंदा की ओर चले गए। दुकान भी क्षतिग्रस्त, फसल नुकसान से किसान परेशान सेंट्रल सौंदा में हाथियों ने मनोज कुट्टी की दुकान को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया। सीसीएल की रात्रि पाली में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने भी इलाके में हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि की है। फिलहाल दोनों हाथियों के सेंट्रल सौंदा दत्तो के समीप जंगल में होने की आशंका है। क्षेत्र के खेतों में धान, मकई और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों के डर से खेतों की रखवाली और खेती का काम प्रभावित हो रहा है। वन विभाग और पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी से दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने तथा नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top