नाबालिग लड़की को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में सिमडेगा पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला कुरडेग थाना क्षेत्र से जुड़ा है। डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि 24 मार्च को कुरडेग थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को आरोपी द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कुरडेग थाना कांड संख्या 14/2026, दिनांक 24 मार्च 2026 को धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस के अनुसंधान के दौरान मामला नाबालिग और आरोपी के बीच कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आई। मामला दर्ज होने के बाद नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। इस दौरान आरोपी के पक्ष में उच्च न्यायालय,रांची द्वारा नो कोर्सिव आदेश प्रभावी था। इसके कारण उस अवधि में पुलिस आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई नहीं कर सकी। हालांकि पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखी। अदालत के आदेश की अवधि समाप्त होते ही कार्रवाई डीएसपी ने बताया कि 19 अगस्त को हाईकोर्ट द्वारा दी गई नो कोर्सिव अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। विशेष टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी और निगरानी की गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने 29 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे मामले से संबंधित आवश्यक पूछताछ और कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। छत्तीसगढ़ का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरेन्द्र यादव (लगभग 26 वर्ष),पिता जोक्तो यादव,निवासी लस्सीअम्बा, मकरीबंधा, करडेगा ओपी, थाना तपकरा, जिला जशपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को 30 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस का अनुसंधान एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Source link