Last Updated:
Bokaro Bargad Tree: झारखंड में बोकारो के डनडबरा स्थित कालीथान परिसर में 200 साल पुराना विशाल बरगद का पेड़ है. यह ग्रामीणों के लिए ठंडी छांव और विश्राम का अहम ठिकाना बन गया है. ग्रामीणों के अनुसार इसकी हवाएं एसी से भी ज्यादा ठंडी हैं. आइये जानते हैं इस विशाल बरगद के पेड़ के बारे में.
बोकारो: झारखंड में बोकारो के डनडबरा स्थित कालीथान परिसर में खड़ा विशाल बरगद का पेड़ स्थानीय इलाके के सबसे प्रसिद्ध और प्राचीन वृक्षों में गिना जाता है. यहां के स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस पेड़ की उम्र 200 साल से भी अधिक है और कई पीढ़ियों ने इसकी घनी छांव में सुकून के पल बिताए हैं और खासकर गर्मियों के दौरान यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता है. जहां लोग ठंडी हवा और प्राकृतिक शांति का आनंद लेने के लिए रुकते हैं. आइये जानते हैं इस विशाल पेड़ के बारे में.
एयर कंडीशनर को फेल करता है ये पेड़
डनडबरा गांव के 80 वर्षीय बुजुर्ग रमेश चंद्र राय बताते हैं कि उनके पूर्वजों के अनुसार यह पेड़ करीब 200 साल पुराना हो सकता है और लगभग 6 पीढ़ियां इसकी छांव का लाभ ले चुकी हैं. वे बताते हैं कि इस बरगद के साथ स्थित कालीथान का काली मंदिर भी काफी प्राचीन हैं, जिनसे लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है. वहीं, बोकारो सेक्टर-8 की अर्चना सिंह कहती हैं कि वह पिछले 50 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रही हैं और बचपन से ही इस पेड़ को देखती आ रही हैं. उनके अनुसार यह स्थान आज भी उतना ही हरा-भरा और शांतिपूर्ण है. जहां गर्मियों में पेड़ की ठंडी छांव के आगे एयर कंडीशनर भी फीका पड़ जाता है.
गांव के दुसरे बुजुर्ग सीताराम महतो बताते हैं कि यह बरगद का पेड़ केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक अहम ठिकाना है और आसपास के गांव जैसे लेवाटाड, भतुवा, रानी पोखर, चौफान और आमाटाड़ जैसे इलाकों से रोजाना आने-जाने वाले लोग यहां रुककर विश्राम करते हैं. इस कालीथान परिसर में चपाकल और पानी की भी व्यवस्था है, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलती है.
लताएं ले रही हैं पेड़ का रूप
उन्होंने बताया कि सुबह और दोपहर के समय सब्जी बेचने वाली महिलाएं और मछुआरे भी यहां रुककर आराम करते हैं और फिर अपने काम के लिए आगे बढ़ते हैं. वहीं, सीताराम महतो के अनुसार वे 1955 से इस पेड़ को देख रहे हैं. इसकी कई लताएं अब खुद बड़े पेड़ों का रूप ले चुकी हैं, जो इसके बढ़ती उम्र का प्रमाण हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें