![]()
आरोपियों से 4.24 लाख रुपए बरामद, 8 अन्य की तलाश जारी कांके में रिंग रोड स्थित आदर्श नगर में राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान (समेति) के निदेशक रामशंकर प्रसाद सिंह के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों और उनके चार मददगारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें एक महिला भी है, जो डकैती के पैसे छिपाने में मदद कर रही थी। इनसे 4.24 लाख रुपए बरामद हुए हैं। हालांकि आठ आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक घटना की साजिश रामशंकर के पूर्व ड्राइवर ने रची थी। उसी ने डकैतों को घर की जानकारी दी थी। बताया था कि घर में काफी नकदी के साथ लाखों के जेवरात हैं। फिर एक महीने में पूरी पटकथा रची गई। इसके बाद आठ डकैतों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ड्राइवर के नाम का खुलासा नहीं कर रही है। पुलिस के मुताबिक सभी 14 आरोपियों की पहचान हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि 13 अक्टूबर की सुबह रामशंकर प्रसाद के घर डकैती हुई थी। इनोवा (जेएच14सी 4405) से आए डकैतों ने दरवाजा खुलवाकर सभी सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद डकैतों ने एक-एक कमरे की तलाशी ली और नकदी व कैश लेकर फरार हो गए। वास्तव में यह डकैती कितने की थी, इसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। इनकी हुई गिरफ्तारी 1. बीर बहादुर सिंह: बखोरापुर भोजपुर 2. सुधीर कुमार: बखोरापुर भोजपुर 3. रजनीश सिंह: सेवा कॉलोनी रामगढ़ 4. चंद्रशेखर पांडे: इंद्रपुरी कॉलोनी, सुखदेवनगर रांची 5. सुमित कुमार सिंह: एलदहातु, रांची 6. कम्मो देवी: अलकापुरी, रातू रोड रांची सितंबर में बना था डकैती का प्लान, सुबह का समय चुना था ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि समेति निदेशक के डकैती का प्लान सितंबर में ही तैयार कर लिया गया था। इसके लिए गिरोह के तीन सदस्यों को घर की रेकी करने का जिम्मा दिया गया था। रेकी के दौरान ही पता चला कि रोज सुबह 6:30 से 7:30 बजे के बीच घर के सभी पुरुष सदस्य मॉर्निंग वॉक या काम से निकल जाते हैं। घर में सिर्फ महिलाएं रहती हैं। इसी को देखकर घटना का समय सुबह 6:30 से 7:30 बजे के बीच तय किया गया था।
Source link