Last Updated:
Unexpected Discovery in Karnatak: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के गोपनाहल्ली गांव में बच्चे मरे हुए कछुए को दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे. तभी उन्हें मिट्टी खोदते समय सिक्कों के छन्न-छन्न की आवाज आई और फिर इसके बाद उन्हें एक घड़ा मिला जिसमें 26 पुराने सिक्के मिले. अब अधिकारी इनकी उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने में जुटे हैं.
कभी-कभी छोटी-सी घटना भी बड़ा रहस्य खोल देती है. कर्नाटक के एक गांव में कुछ बच्चों के साथ ऐसा ही हुआ. बच्चे एक मरे हुए कछुए को दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे. तभी जमीन के नीचे खन्न-खन्न की आवाज आने लगी तो बच्चों ने और तेजी से मिट्टी हटाने लगी तभी उन्हें मिट्टी का एक घड़ा मिला. जब घड़े को देखा गया तो उसमें 26 पुराने सिक्के रखे हुए थे. इन सिक्कों के मिलने से गांव में चर्चा शुरू हो गई कि आखिर ये कितने पुराने हैं और इन्हें जमीन में किसने दबाया था.
कछुए को दफनाने के लिए खोद रहे थे गड्ढा
यह घटना कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के चल्लाकेरे तालुक के गोपनाहल्ली गांव की है. बच्चे चलावदी रंगम्मा के पुराने घर के आंगन में खेल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक मरे हुए कछुए को दफनाने का फैसला किया. बच्चों ने जब आंगन में गड्ढा खोदना शुरू किया, तो उन्हें जमीन के नीचे एक छोटा-सा मिट्टी का घड़ा दिखाई दिया. घड़े में पुराने सिक्के रखे हुए थे. यह देखकर बच्चे हैरान रह गए. उन्होंने इसकी जानकारी रंगम्मा को दी. इसके बाद रंगम्मा ने सिक्कों को इकट्ठा करके सुरक्षित रख लिया.
26 सिक्के मिलने से गांव में मची चर्चा
पुराने घर के आंगन में सिक्कों से भरा घड़ा मिलने की खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई. इसके बाद लोग उस जगह को देखने पहुंचने लगे. लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे. ये सिक्के कितने साल पुराने हैं? इन्हें किसने जमीन में दबाया था? क्या ये किसी पुराने समय के खजाने का हिस्सा हैं? हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि सिक्कों को जानबूझकर जमीन में छिपाया गया था या वे किसी दूसरी वजह से वहां दबे हुए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिए सिक्के
मामले की जानकारी मिलने के बाद चल्लाकेरे के तहसीलदार रेहान पाशा, पुलिस सब-इंस्पेक्टर एरेस और अन्य अधिकारी गांव पहुंचे. अधिकारियों ने उस जगह का निरीक्षण किया, जहां से सिक्के मिले थे. इसके बाद 26 सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया गया. आगे की जांच के लिए इन्हें पुलिस की कस्टडी में रखा गया है. इनकी उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग से जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
कितने पुराने हैं सिक्के? अभी बाकी है यह रहस्य
फिलहाल, इन सिक्कों की सही उम्र और इनके इतिहास के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि सिक्के किस धातु से बने हैं और उन पर किसी राजा या राजवंश का नाम लिखा है या नहीं. इनकी बनावट, आकार, धातु और उन पर बने निशानों की जांच से इनके बारे में जानकारी मिल सकती है. जिस मिट्टी के घड़े में सिक्के मिले हैं, उसकी जांच भी अहम सुराग दे सकती है. चित्रदुर्ग का इलाका अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है. ऐसे में गांव के पुराने घर में मिले इन सिक्कों ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि, जांच पूरी होने तक इन्हें किसी खास राजवंश या खजाने से जोड़ना जल्दबाजी होगी. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये 26 सिक्के कितने पुराने हैं और इन्हें घर के आंगन में किसने दबाया था. इसका जवाब जांच के बाद ही मिल पाएगा. (रिपोर्ट: सौम्या कलासा)