Last Updated:
Jamshedpur Chemistry Teacher Start-Up: जमशेदपुर की रितु तोड़ी की स्किन सेंसिटिव है और बाजार के उत्पादों से उन्हें समस्या होती थी. वे साबुन, क्रीम कुछ इस्तेमाल नहीं कर पाती थी. यह परेशानी उनके लिए अवसर बनी और उन्होंने खुद के केमिस्ट्री ज्ञान से हैंडमेड स्किन केयर ब्रांड CANYH की शुरुआत की.
जमशेदपुर. जमशेदपुर की रहने वाली रितु तोड़ी की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपनी परेशानी को ही अपनी ताकत बनाकर कुछ नया करना चाहते हैं. रितु की त्वचा काफी संवेदनशील थी. बाजार में मिलने वाले साबुन, क्रीम और पाउडर का इस्तेमाल करने पर उनकी त्वचा पर रैशेज होने लगते थे. कई बार त्वचा पर होने वाली परेशानी से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. लेकिन उन्होंने इस समस्या से हार मानने के बजाय इसका समाधान खोजने की ठानी. केमिस्ट्री की पढ़ाई करने वाली रितु ने अपने ज्ञान और रिसर्च की मदद से खुद ही स्किन केयर प्रोडक्ट बनाने की शुरुआत कर दी. आज उनका यही प्रयास एक कारोबार का रूप ले चुका है.
टीचर भी हैं रितु
रितु एक बेहतरीन शिक्षिका भी हैं. केमिस्ट्री की जानकारी होने के कारण उन्हें अलग-अलग पदार्थों और उनके गुणों को समझने में रुचि थी. जब उन्हें लगा कि बाजार में मिलने वाले कुछ उत्पाद उनकी त्वचा के अनुकूल नहीं हैं, तो उन्होंने हैंडमेड स्किन केयर प्रोडक्ट बनाने के बारे में सोचना शुरू किया. इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक रिसर्च की और अलग-अलग सामग्रियों को समझते हुए अपने उत्पाद तैयार करने लगीं. शुरुआत में यह प्रयोग अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए था, लेकिन धीरे-धीरे उनके इस काम ने एक बिजनेस का रूप ले लिया.
उत्पादों को खास बनाने की कोशिश करती हैं
रितु का मानना है कि स्किन केयर का मतलब केवल अच्छी खुशबू और आकर्षक पैकेजिंग नहीं है, बल्कि उत्पाद में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी महत्वपूर्ण है. इसी सोच के साथ वह अपने ब्रांड CANYH के तहत कई तरह के हैंडमेड प्रोडक्ट तैयार कर रही हैं. इनमें साबुन, क्रीम, लोशन, मॉइश्चराइजर और स्क्रब जैसे उत्पाद शामिल हैं. वह प्राकृतिक तेलों और हल्की, प्राकृतिक खुशबू को प्राथमिकता देते हुए अपने उत्पादों को खास बनाने की कोशिश करती हैं.
हर किसी की त्वचा को सूट करे ये भी जरूरी
इन उत्पादों की एक खास बात यह है कि इन्हें आकर्षक रूप देने पर भी ध्यान दिया जाता है. अलग-अलग रंग, डिजाइन और खूबसूरत बनावट के कारण ये देखने में भी काफी अच्छे लगते हैं. रितु चाहती हैं कि लोग अपनी त्वचा की जरूरत को समझें और स्किन केयर प्रोडक्ट चुनते समय केवल उनकी खुशबू या बाहरी सुंदरता पर ध्यान न दें. हालांकि, प्राकृतिक सामग्री से बने उत्पाद भी हर किसी की त्वचा को सूट करें, यह जरूरी नहीं है.
12 लोगों को दे रहीं रोजगार
रितु की यह पहल अब केवल उनके व्यक्तिगत इस्तेमाल तक सीमित नहीं है. वह अपने इस काम के जरिए करीब 12 लोगों को रोजगार भी दे रही हैं. इस तरह उनका छोटा-सा प्रयोग दूसरे लोगों की आजीविका का साधन बन रहा है. एक ओर वह शिक्षिका के रूप में अपना ज्ञान साझा कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर अपने ब्रांड के जरिए स्वरोजगार की मिसाल पेश कर रही हैं.
परेशानी ने खोला अवसर
रितु तोड़ी की कहानी बताती है कि कभी-कभी जीवन की छोटी-सी परेशानी भी एक नए अवसर का रास्ता खोल सकती है. बाजार के उत्पादों से होने वाली त्वचा की समस्या से शुरू हुआ उनका सफर आज CANYH ब्रांड और 12 लोगों के रोजगार तक पहुंच चुका है. उनकी यह पहल उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने हुनर, ज्ञान और मेहनत के दम पर खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…