![]()
साहिबगंज में केशाखापड़-सगड़भंगा मुख्य सड़क पर एक युवक का शव बरामद किया गया। शव के बगल में ही उसकी बाइक गिरी हुई थी। आशंका जाहिर की जा रही है कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई होगी। मृतक की पहचान तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सगड़भंगा गांव निवासी पवन रविदास (30) के रूप में की गई। पवन रविदास अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। वो सगड़भंगा पंचायत में शिफ्टिंग वीएलई के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार की रात सेंटर बंद कर वह केशाखापड़ गांव स्थित अपने छोटे भाई के घर पहुंचे थे। वहां स्कॉर्पियो खड़ी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान केशाखापड़-सगड़भंगा मुख्य सड़क पर वह बाइक समेत गिरे हुए मिले। देर रात तक फोन करती रही पत्नी
जानकारी के अनुसार, जब पवन देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए। मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान सड़क पर पवन को बाइक समेत गिरा पाया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना पर राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पवन की मौत फिलहाल किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Source link