![]()
गुमला जिले में दो अलग-अलग जगहों पर दो युवकों ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। एक युवक की मानसिक स्थिति पिछले एक महीने से ठीक नहीं थी। दूसरे युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहली घटना गुमला थाना क्षेत्र के पुग्गू घांसी टोली की है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय रामा उरांव ने गुरुवार शाम घर में रस्सी से फांसी लगा ली। परिजन उन्हें सदर अस्पताल गुमला ले गए, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रामा की पत्नी तेतरी उरांव ने बताया कि उनके पति की मानसिक स्थिति पिछले एक महीने से ठीक नहीं थी। वह ज्यादा शराब भी पीते थे। गुरुवार शाम घर में आने के बाद उन्होंने फांसी लगा ली। शुक्रवार को एसआई विनय महतो सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। साड़ी से फंदा बना फांसी लगा ली दूसरी घटना आजन कुल्ही बेहरा टोली की है। यहां रहने वाले 20 वर्षीय सूरज उरांव ने अपने घर में साड़ी से फंदा बना फांसी लगा ली। परिजन उन्हें फंदे से उतारकर सदर अस्पताल गुमला ले गए, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूरज के पिता धनी उरांव ने बताया कि गुरुवार शाम सूरज गांव में घूमने के बाद घर लौटा था। वह अपने कमरे में सोने चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो परिजन कमरे में पहुंचे। उन्होंने सूरज को फंदे से लटका पाया और अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर गुमला पुलिस के एसआई विनय कुमार महतो सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया। शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। सूरज ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link