![]()
बीएस सिटी थाना पुलिस ने साधु बनकर महिलाओं को ठगने वाले गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास एक तंबू से पकड़ा। दोनों बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से महिला का सोने का मंगलसूत्र, कान के सोने के टॉप्स और पीतल के लॉकेट, ताबीज व अंगूठियां मिली हैं। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे और फिर ठगी की। साधु के वेश में दो लोग पहुंचे
घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे कैंप-2 इलाके में हुई। सुरेंद्र सिंह की पत्नी बबीता कुमारी के घर साधु के वेश में दो लोग पहुंचे और भोजन मांगा। बबीता ने दोनों को खाना खिलाया। बातचीत में जब उन्होंने अपनी पारिवारिक परेशानियां बताईं, तो आरोपियों ने उन्हें दूर करने का भरोसा दिया। आरोपियों ने बबीता से घर में रखे सोने-चांदी के गहने लाने को कहा। उन्होंने दावा किया कि गहनों पर आशीर्वाद देकर और मंत्र फूंककर संकट दूर कर देंगे। बबीता उनके झांसे में आ गईं और अलमारी से सोने का मंगलसूत्र व कान के टॉप्स लाकर उन्हें दे दिए। पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई
आरोपियों ने हाथ की सफाई से गहने बदलकर पीतल के लॉकेट की पोटली थमा दी। उन्होंने बबीता से कहा कि पोटली शाम 5 बजे से पहले न खोलें। आरोपियों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए सोने के असली जेवरात छिपा लिए और उनकी जगह 10 पीस पीतल के लॉकेट एक कपड़े में बांधकर पोटली बना दी। इसके बाद उन्होंने महिला को चेतावनी दी कि इस पोटली को शाम 5:00 बजे से पहले बिल्कुल न खोलें, अन्यथा घर में कोई भारी अनहोनी घट सकती है। शाम को जब महिला ने पोटली खोली, तो उसमें सोने की जगह पीतल के लॉकेट मिले। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने तुरंत बीएस सिटी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। छापेमारी कर बालीडीह से दबोचे गए दोनों आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के सामने बने तंबुओं में दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंभू लाठौर (उम्र करीब 30 वर्ष) और गया लाल लाठौर (उम्र करीब 25 वर्ष), दोनों पिता सज्जन लाठौर, निवासी ग्राम बेलाडीह, थाना बेलागंज, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर महिला के चुराए गए सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले एक साल से इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस उनके पिछले आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
Source link