भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

गलत तरीके से राशन कार्ड रद्द पर होगी कार्रवाई, दिए जांच के...




सिटी रिपोर्टर | बोकारो जिले में राशन कार्ड रद्द किए जाने से जुड़ी शिकायतों को अब गंभीरता से लिया जाएगा। गलत तरीके से राशन कार्ड रद्द करने या इसके लिए अनुचित अनुशंसा करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित ”हम आपको सुनते हैं… लोक संवाद” कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक रूप से सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। लोक संवाद में कसमार प्रखंड के सिंहपुर निवासी लक्ष्मी देवी ने राशन कार्ड रद्द किए जाने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय को अब तक लोक संवाद में प्राप्त राशन कार्ड रद्द होने से संबंधित सभी शिकायतों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र को ऐसे मामलों की समीक्षा कर कार्ड रद्द किए जाने के कारणों की गहन जांच करने को कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जांच में यदि राशन कार्ड रद्द करने या उसे रद्द करने की अनुशंसा में गड़बड़ी सामने आती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने राशन कार्ड रद्द करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 23 शिकायतों और आवेदनों की क्रमवार सुनवाई की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सभी मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोक संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान करना है। अधिकारी शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें और उनके निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं करें। मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, एडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार, पीओ माणिक प्रजापति सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top