Last Updated:
नवंबर का महीना गार्डन को सजाने के लिए सबसे अच्छा होता है. इस मौसम में गेंदा, गुलदाउदी और डहेलिया जैसे फूल लगाएं. रासायनिक कीटनाशक के बजाय नीम आधारित जैविक उपाय अपनाएं. घर को महकाने के लिए चमेली और बेला जैसे खुशबूदार पौधे लगाएं. गमलों में छोटे फलदार पौधे भी उगा सकते हैं.
पलामूः नवंबर का महीना गार्डन को नया और खूबसूरत लुक देने के लिए सबसे बेहतर समय माना जाता है. इस मौसम में मौसम अनुकूल होने के कारण कई तरह के रंग-बिरंगे फूलों के पौधे आसानी से लगाए जा सकते हैं. अगर आप भी अपने घर के गार्डन को आकर्षक बनाना चाहते हैं तो गेंदा, गुलदाउदी, डहेलिया, पेटूनिया, पैंजी और कैलेंडुला जैसे मौसमी फूलों का चुनाव कर सकते हैं. ये फूल न केवल गार्डन की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि घर के आसपास रंगों की खूबसूरत छटा भी बिखेरते हैं.
सजावटी पौधों से बढ़ाएं गार्डन की खूबसूरती
गार्डन को आकर्षक बनाने के लिए केवल फूल ही नहीं, बल्कि सजावटी पौधे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसके लिए मनी प्लांट, एरिका पाम, क्रोटन और स्नेक प्लांट जैसे पौधे लगा सकते हैं. इन पौधों की पत्तियों का अलग-अलग आकार और रंग गार्डन को शानदार लुक देते हैं. इन्हें गमलों में लगाकर बालकनी, छत या घर के प्रवेश द्वार पर भी सजाया जा सकता है.
रासायनिक कीटनाशक की जगह अपनाएं प्राकृतिक उपाय
गार्डेनिंग एक्सपर्ट डॉ. डीएस श्रीवास्तव ने बताया कि गार्डन में लगे फूल-पौधों की देखभाल करना भी बेहद जरूरी है. कई बार पौधों में कीट लगने और पत्तियों के खराब होने की समस्या सामने आती है. ऐसे में लोग बाजार में मिलने वाले रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल पर्यावरण, मिट्टी और आसपास के जीवों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में नीम आधारित जैविक कीटनाशक और अन्य प्राकृतिक उपाय अपनाना बेहतर विकल्प अपना सकते है.
खुशबूदार सफेद फूलों से महकेगा घर
उन्होंने कहा कि अगर आप अपने गार्डन को खूबसूरत बनाने के साथ उसे खुशबूदार भी बनाना चाहते हैं तो सफेद रंग के फूलों वाले पौधे लगा सकते हैं. चमेली और बेला जैसे फूल अपनी मनमोहक खुशबू के लिए जाने जाते हैं. इनकी खुशबू विशेष रूप से शाम और रात के समय वातावरण को सुगंधित बना देती है. वहीं दिन के समय महक का आनंद लेने के लिए भी सुगंधित फूलों की किस्मों का चुनाव किया जा सकता है.
छोटे फलों के पौधों से गार्डन को बनाएं खास
आगे बताया कि गार्डन में केवल फूल और सजावटी पौधे ही नहीं, बल्कि छोटे आकार के फलदार पौधे भी लगाए जा सकते हैं. इसके लिए बौनी किस्म के अनार, सेब और आम के पौधों का चुनाव कर सकते हैं. इन्हें बड़े गमलों में लगाकर छत या घर के गार्डन में आसानी से रखा जा सकता है. सही धूप, पानी और खाद मिलने पर ये पौधे फल भी दे सकते हैं. इस तरह थोड़ी सी योजना और नियमित देखभाल से आप अक्टूबर-नवंबर के मौसम में अपने घर के गार्डन को फूलों, खुशबू और हरियाली से भर सकते हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…