![]()
चतरा जिले की संघरी घाटी के पास अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार पीडीएस डीलर किशोरी प्रजापति (55) की मौत हो गई। वे गोढ़ाई गांव के रहने वाले थे। झामुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज प्रजापति उनके दामाद थे। जानकारी के मुताबिक, किशोरी प्रजापति बाइक से घर से सत्संग में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान संघरी घाटी के पास बालू ढो रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। ट्रैक्टर जब्त, चालक मौके से फरार हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर सदर थाना परिसर भेज दिया। हालांकि, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर चतरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ट्रैक्टर चालकों के लाइसेंस की जांच की मांग घटना के बाद मृतक के दामाद और झामुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज प्रजापति ने प्रशासन से अवैध बालू ढुलाई पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चतरा उपायुक्त ने बड़े ट्रकों और हाइवा में दो चालकों की मौजूदगी अनिवार्य करने का निर्देश दिया है। इसी तरह बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों पर भी प्रशासन को शिकंजा कसना चाहिए। उन्होंने सभी ट्रैक्टर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की सघन जांच कराने और अवैध बालू के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने भी हादसे के बाद नाराजगी जताई है।
Source link