Last Updated:
Dhanteras Gold Buying: कोडरमा में धनतेरस पर महंगाई के बीच 10 हजार रुपये के सीमित बजट में भी 18 कैरेट सोने के छोटे आभूषण जैसे नोज पिन, अंगूठी और लॉकेट उपलब्ध हैं. झुमरी तिलैया शहर के स्टेशन रोड स्थित एस.सी ज्वैलर्स के संचालक विकास कुमार भदानी ने इसे खरीदने के कई टिप्स दिए हैं. आइये जानते हैं इसके बारे में.
कोडरमा: त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगती है. दीपावली और धनतेरस के अवसर पर खरीदारी को शुभ माना जाता है. खासकर धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है. मान्यता है कि इस दिन सोना खरीदने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है. यही वजह है कि इस खास मौके पर लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने के आभूषण और अन्य सामान खरीदना पसंद करते हैं. हालांकि पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव और महंगाई के कारण आम लोगों के लिए सोना खरीदना थोड़ा मुश्किल हो गया है.
कम वजन के आभूषणों पर अधिक मेकिंग चार्ज का रहता है असर
ऐसे में यदि आप भी इस धनतेरस और दीपावली पर सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, लेकिन आपका बजट अधिक नहीं है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है. कोडरमा के बाजार में महज 10 हजार रुपये तक के बजट में भी 18 कैरेट सोने के कई आकर्षक आभूषण उपलब्ध हैं. कम बजट में सोना खरीदने के इच्छुक लोग छोटे आकार के आभूषणों को अपनी पसंद बना सकते हैं.
झुमरी तिलैया शहर के स्टेशन रोड स्थित एस.सी ज्वैलर्स के संचालक विकास कुमार भदानी ने विशेष बातचीत में बताया कि सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. कीमतों में बढ़ोतरी का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी पड़ा है. पहले जहां लोग अपनी पसंद के अनुसार अधिक वजन वाले आभूषण बनवाते थे. वहीं अब ग्राहक कम वजन के आभूषणों को प्राथमिकता दे रहे हैं.
ऐसे में लोग अपने बजट को ध्यान में रखते हुए छोटे और आकर्षक डिजाइन वाले गहनों की खरीदारी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि सोने की कीमत बढ़ने के कारण कम वजन के आभूषणों की मांग बढ़ी है. वहीं, छोटे आभूषण तैयार करने में डिजाइन और कारीगरी की जरूरत होने के कारण इन पर मेकिंग चार्ज का प्रभाव भी देखने को मिल रहा है.
10 हजार रुपये में मिलेंगे ये आकर्षक विकल्प
विकास कुमार भदानी के अनुसार यदि आपका बजट करीब 10 हजार रुपये तक है तो सोने के कई छोटे आभूषण खरीदने के विकल्प मौजूद हैं. इसमें महिलाओं के लिए छोटे आकार की नोज पिन और नथुनी शामिल हैं. कम वजन में तैयार होने के कारण ये आभूषण बजट के अनुसार पसंद किए जा सकते हैं. इसके अलावा बच्चों के लिए सोने की छोटी अंगूठियां भी एक अच्छा विकल्प हो सकती हैं.
ऐसे में अभिभावक धनतेरस के मौके पर अपने बच्चों के लिए ऐसी अंगूठियां खरीद सकते हैं. वहीं, धार्मिक आस्था रखने वाले ग्राहकों के लिए देवी-देवताओं की तस्वीर उकेरी हुई सोने की लॉकेट भी उपलब्ध विकल्पों में शामिल है. इसे कम बजट में खरीदारी करने वाले लोग पसंद कर सकते हैं. इसके अलावा महिलाओं और युवतियों के लिए छोटे आकार के सोने के टॉप्स भी अच्छे विकल्प हैं. ये देखने में आकर्षक होने के साथ रोजमर्रा में पहनने के लिहाज से भी उपयोगी हो सकते हैं.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…