Last Updated:
Palamu Players Won 14 Medals In State Level Skating: रांची के खेलगांव में आयोजित 16वीं झारखंड राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ियों ने 5 गोल्ड समेत 14 मेडल जीते और झारखंड में चौथा स्थान प्राप्त किया. अब खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं.
पलामू. पलामू में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है तो बस इन प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और बेहतर मंच देकर निखारने की. खेल के क्षेत्र में भी पलामू के खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. इसका ताजा उदाहरण राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में देखने को मिला, जहां पलामू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 मेडल अपने नाम किए. इसमें 5 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. इस उपलब्धि के साथ पलामू पूरे झारखंड में चौथे स्थान पर रहा. खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में पलामू की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया और कई गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया. अब ये खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने की तैयारी में जुट गए हैं.
रांची के खेलगांव में हुआ राज्य स्तरीय मुकाबला
दरअसल, 16वीं झारखंड राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से रांची के खेलगांव स्थित स्केटिंग ट्रैक पर किया गया था. इसमें झारखंड के अलग-अलग जिलों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में डाल्टनगंज स्केटिंग ट्रेनिंग सेंटर, पलामू के 25 खिलाड़ी शामिल हुए. खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग और स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई और कुल 14 मेडल जीतकर जिले को गौरवान्वित किया.
अवनूर कौर ने जीते तीन गोल्ड मेडल
पलामू की खिलाड़ी अवनूर कौर ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड मेडल हासिल किए. उन्होंने बताया कि इस बार उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना था और उनकी मेहनत सफल रही. तीन गोल्ड मेडल मिलने से परिवार के लोग भी काफी खुश हैं. अवनूर कक्षा 6 में पढ़ती हैं. उन्होंने बताया कि यूट्यूब पर स्केटिंग के वीडियो देखने के बाद इस खेल में उनकी रुचि बढ़ी और धीरे-धीरे उन्होंने नियमित अभ्यास शुरू किया. अब उनका सपना नेशनल प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल जीतना है. इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रही हैं.
स्मिता गुप्ता और अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम
पलामू की स्मिता गुप्ता ने 6 से 8 आयु वर्ग में दो गोल्ड मेडल जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की. वहीं, आस्था गोस्वामी ने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल तीन मेडल जीते. अपूर्वी सिंह ने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इसके अलावा वेद पांडे, आदित्य गुप्ता और रिधिमा सिन्हा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि आराध्या अग्रवाल ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इस तरह खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ पलामू की मजबूत खेल प्रतिभा का परिचय दिया.
5 से 15 दिसंबर तक बेंगलुरु में होगा नेशनल मुकाबला
स्केटिंग कोच चंदन कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू के 25 खिलाड़ी शामिल हुए थे. पूरे झारखंड में पलामू को चौथा स्थान मिला है. उन्होंने कहा कि इस बार जिले की लड़कियों ने विशेष रूप से बेहतर प्रदर्शन किया है और बड़ी संख्या में मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है. अब खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य नेशनल प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 5 दिसंबर से 15 दिसंबर तक बेंगलुरु में होना है. खिलाड़ी इसके लिए लगातार अभ्यास कर रहे हैं. कोच को उम्मीद है कि राज्य स्तर की तरह नेशनल प्रतियोगिता में भी पलामू के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे.
छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि, बेटियां बन रहीं प्रेरणा
पलामू की इस सफलता की सबसे खास बात यह है कि कम उम्र के खिलाड़ी, खासकर बेटियां, खेल के मैदान में लगातार आगे बढ़ रही हैं. कक्षा 1 से लेकर 6 तक पढ़ने वाली बच्चियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती. जरूरत है तो बस प्रोत्साहन, प्रशिक्षण और अवसर की. अब जिले के खेल प्रेमियों की निगाहें बेंगलुरु में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां पलामू के ये नन्हे खिलाड़ी एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने उतरेंगे.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…