![]()
कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार सद्दाम खान (22) की मौत हो गई। उसका साथी फुन्नू कुमार यादव (20) गंभीर रूप से घायल है। हादसा साहेबाडीह के मोदी चौक के पास हुआ। सद्दाम की शादी एक साल पहले हुई थी। मौत की खबर मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। सलाउद्दीन खान का बेटा सद्दाम, फुन्नू कुमार यादव (पिता स्वर्गीय महेंद्र महतो) के साथ बाइक से झुमरीतिलैया जा रहा था। दोनों बिजली बिल जमा करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोदी चौक के पास नाबालिग चला रहा ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। ग्रामीण उन्हें सदर अस्पताल, कोडरमा ले गए। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सद्दाम को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। परिजन उसे रांची ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। फुन्नू का इलाज जारी है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को अपने ही गांव का बताते हुए शव को सीधे ट्रैक्टर मालिक के घर के बाहर रख दिया। परिजनों व ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक और नाबालिग चालक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक मालिक और चालक सामने नहीं आते तथा उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव को वहां से नहीं हटाया जाएगा। गांव में स्थिति को देखते हुए तनाव बना हुआ है।
Source link