जमशेदपुर: दीवाली को देखते हुए लोग अपने मकान से लेकर दुकान तक की साफ-सफाई में जुटे हैं. घर और दुकान की साज-सजावट के लिए लोग पेंट कराने से लेकर तमाम तरह के इंटीरियर में सजावट के काम कर रहे हैं. ऐसे में बाजारों में दीवाली से पहले एक से बढ़कर एक लाइट और सजावट के सामानों की दुकानें सजी हुई हैं. अगर आप भी इस दिवाली अपने घर को खूबसूरत बनाना चाहते हैं तो हम आपको बताने जा रहे हैं कि बाजार में क्या-क्या नए आइटम मिल रहे हैं. झारखंड में भी बाजारें सज गई हैं. दुकानों पर एक से बढ़कर लाइट और झालर बिक रही हैं. झारखंड के जमशेदपुर की बाजार का हाल बताएं तो यहां लाइट और सजावट के ऐसे-ऐसे सामान देखने के लिए मिलेंगे कि आपके घर, दुकान, ऑफिस और होटल का लुक एकदम बदल जाएगा. यहां पारंपरिक डिजाइन के साथ-साथ मॉडर्न और वेस्टर्न स्टाइल के सजावटी और उपयोगी जीजें मौजूद हैं. आप अपने घर के ड्राइंग रूम, बेडरूम और डाइनिंग एरिया के हिसाब से इनका चुनाव कर सकते हैं.
फूल-पत्तियों से सजाएं घर का कोना-कोना
घर की सजावट में आर्टिफिशियल फूल और पत्तियों का अपना अलग आकर्षण होता है. बाजार में आर्टिफिशियल रोज, ऑर्किड, ट्यूलिप, लिली, हाइड्रेंजिया और सनफ्लावर जैसे खूबसूरत फूलों की वैरायटी मिल रही है. इसके अलावा आर्टिफिशियल मनी प्लांट, फर्न लीफ, यूकेलिप्टस लीफ और ग्रीन वॉल हैंगिंग भी उपलब्ध हैं. इन्हें आप फ्लावर वास में लगाकर सेंटर टेबल, टीवी यूनिट या घर के किसी खाली कोने को सजा सकते हैं.
फ्लावर वास और पॉट की शानदार वैरायटी
दीवाली पर घर को प्रीमियम लुक देने के लिए बाजार में सेरेमिक, मेटल और ग्लास के फ्लावर वास की कई डिजाइन मौजूद हैं. इनमें गोल्डन मेटल फ्लावर वास, मैट फिनिश पॉट, टेक्सचर्ड सेरेमिक वास, जियोमेट्रिक डिजाइन और मिनिमलिस्ट फ्लावर वास लोगों को काफी आकर्षित कर रहे हैं. इसके अलावा छोटे-बड़े प्लांटर पॉट भी उपलब्ध हैं, जिन्हें आप घर की बालकनी और एंट्रेंस पर रख सकते हैं.
टेबल लैंप से बढ़ेगी घर की खूबसूरती
अगर आप शाम के समय अपने घर को एक अलग ही अंदाज देना चाहते हैं तो डेकोरेटिव टेबल लैंप अच्छा विकल्प हो सकते हैं. बाजार में मॉडर्न टेबल लैंप, गोल्डन मेटल लैंप, ग्लास बेस लैंप, फैब्रिक शेड लैंप और एलईडी डेकोरेटिव लैंप की वैरायटी देखने को मिल रही है. इन्हें बेडसाइड टेबल, सोफा के पास या ड्राइंग रूम में रखकर घर को आकर्षक बनाया जा सकता है.
इसके अलावा बाजार में डेकोरेटिव ट्रे, कैंडल होल्डर, वॉल हैंगिंग, शोपीस, आर्टिफिशियल पत्तियों की लड़ी, डेकोरेटिव मिरर और सेंटर टेबल डेकोर की भी कई वैरायटी मौजूद हैं. कुल मिलाकर इस दिवाली अगर आप अपने घर को सिर्फ रोशनी से नहीं, बल्कि खूबसूरत इंटीरियर से भी सजाना चाहते हैं तो जमशेदपुर के बाजारों में मौजूद ये सजावटी सामान आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं.