Last Updated:
Jamshedpur Dalma Wildlife Sanctuary: झारखंड के दलमा वन्यजीव अभयारण्य में झुंड से बिछड़े 7 महीने के नन्हे हाथी शेखर को लाया गया है. अब वह रजनी और बादल के साथ रहेगा, जिससे पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिला है. नन्हा हाथी आज दलमा में अपनी नई जिंदगी जी रहा है. अपनी मासूमियत और नटखट अदाओं से वह हर किसी का ध्यान खींच रहा है.
जमशेदपुर: झारखंड में जमशेदपुर के दलमा वन्यजीव अभयारण्य में इन दिनों एक नन्हा मेहमान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इसका नाम शेखर है. कभी हाथियों के झुंड से बिछड़ जाने के कारण मुश्किलों में पड़ा यह नन्हा हाथी आज दलमा में अपनी नई जिंदगी जी रहा है. अपनी मासूमियत और नटखट अदाओं से वह हर किसी का ध्यान खींच रहा है.
करीब 7 महीने का शेखर सोमवार को गुमला वन प्रमंडल से दलमा लाया गया. दरअसल, शेखर अपने हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था. वन विभाग की टीम ने उसे दोबारा झुंड में मिलाने की कोशिश की थी, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर झुंड से अलग हो गया. इसके बाद उसकी सुरक्षा और बेहतर देखभाल को देखते हुए उसे दलमा लाने का निर्णय लिया गया.
दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शेखर को दलमा लाया गया. यहां पहुंचते ही उसने अपनी चंचलता दिखानी शुरू कर दी. नए माहौल में वह काफी सक्रिय नजर आया और उसे संभालने में वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
रजनी और बादल के साथ मिलेगा नया परिवार
दलमा में पहले से रजनी हथिनी और बादल हाथी मौजूद हैं. अब शेखर भी इनके साथ रहेगा. शेखर के आने से दलमा में हाथियों का परिवार बढ़कर तीन सदस्यों का हो गया है. दलमा पहुंचने के बाद रजनी की देखभाल करने वाले महावत ने अपने हाथों से शेखर को खाना खिलाया. वन विभाग की निगरानी में उसकी देखभाल और खानपान का पूरा ध्यान रखा जाएगा. अब पर्यटकों को दलमा आने पर रजनी और बादल के साथ नन्हे शेखर को देखने का भी मौका मिलेगा. झुंड से बिछड़ने के बाद शेखर को दलमा में एक नया ठिकाना मिला है. उम्मीद है कि यहां उसे बेहतर देखभाल और सुरक्षित वातावरण मिलेगा.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…