![]()
.
प. सिंहभूम जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचनाओं के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला समाहरणालय स्थित सभागार में परिसंपत्ति वितरण, योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री, दीपक बिरुवा ने की। इस अवसर पर विधायक चक्रधरपुर सुखराम उरांव, विधायक जगन्नाथपुर सोनाराम सिंकू, चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश एवं चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वहीं करोड़ों रुपए की लागत से संचालित होने वाली नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। पूर्ण हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों से विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 58 लाभुकों के बीच लगभग 108 करोड़ 23 लाख रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
इसमें परिवहन विभाग के 4, राजस्व विभाग के 5, अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक के माध्यम से 4, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के 2, झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी के 4, ग्रामीण विकास विभाग के 4, पशुपालन विभाग के 2, कृषि विभाग के 3, जिला मत्स्य कार्यालय के 3, भूमि संरक्षण विभाग के 3, आपूर्ति विभाग के 2, शिक्षा विभाग के 5, स्वास्थ्य विभाग के 8, समाज कल्याण विभाग के 7 तथा समेकित जनजातीय विकास अभिकरण के 2 लाभुक शामिल थे। इस अवसर पर भूमि संरक्षण विभाग ने एसएमएएम योजना के तहत 12 स्वयं सहायता समूहों के बीच ट्रैक्टर एवं सहायक कृषि यंत्रों का वितरण किया। वहीं 252.110 करोड़ की 91 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के अंतर्गत पूर्ण हो चुकी कुल 81 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं पर 129.213 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। कार्यक्रम के दौरान पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए टाइड एवं अनटाइड मद के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले की आठ पंचायतों, अंगारपदा-मझगांव, गोविंदपुर-सोनुआ, बारुसाई-कुमारडुंगी, नरसंडा-चाईबासा, पड़सा-मंझारी, कराईकेला-बंदगांव, रुईया-हाटगम्हरिया व आराहासा-गोइलकेरा के मुखिया एवं पंचायत सचिवों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सुदृढ़ीकरण कार्य पूर्ण होने के उपरांत जिले के 11 पंचायत सचिवालयों, तुईबीर-चाईबासा, बामेबासा-टोंटो, पड़सा-मझगांव, पड़सा-मंझारी, आसनतलिया-चक्रधरपुर, नकटी-बंदगांव, मटकोबेड़ा-खूंटपानी, सियालजोड़ा-जगन्नाथपुर , नोवामुंडी बस्ती-नोवामुंडी, नंदपुर-मनोहरपुर व बिंजू-आनंदपुर का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया गया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के तहत 25 दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। परिसंपत्ति वितरण, योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं हैं। इनका वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रहीं परिसंपत्तियां उनकी आजीविका को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। यह उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाएंगी। विधायक चक्रधरपुर सुखराम उरांव ने कहा कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। विधायक जगन्नाथपुर सोनाराम सिंकू ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करना है।