![]()
गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 10 साल की बच्ची की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने बच्ची नीतू मरांडी का सिर धड़ से अलग कर दिया। उसका धड़ घर के पीछे खेत में मिला, जबकि सिर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर दूसरे खेत से बरामद किया गया। नीतू डहुआ गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में चौथी कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं गांव के लोगों में दहशत और आक्रोश है। मृतका के पिता तालवा के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान घर के दरवाजे पर आवाज हुई। आवाज सुनकर माता-पिता की नींद खुली तो देखा कि नीतू अपने बिस्तर पर नहीं है। उन्होंने घर के अंदर और आसपास उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान दरवाजे के पास बच्ची का कंबल पड़ा मिला, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान घर की बिजली भी काट दी गई थी। परिजनों ने ग्रामीणों और मुखिया को दी सूचना बच्ची के घर से गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद पंचायत की मुखिया सोनी मुर्मू को भी घटना की सूचना दी गई। मुखिया और ग्रामीणों ने अपने स्तर से बच्ची की तलाश शुरू की। मुखिया प्रतिनिधि विनोद बेसरा के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महागामा एसडीपीओ वरुण रजक, मेहरमा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो, ललमटिया इंस्पेक्टर रूबी मिंज और थाना प्रभारी रौशन सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों तथा संभावित ठिकानों पर बच्ची की तलाश शुरू की। घर के पीछे मिला धड़, 500 मीटर दूर बरामद हुआ सिर काफी देर तक खोजबीन के बाद घर के पीछे स्थित खेत में बच्ची का धड़ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। बच्ची का सिर धड़ से अलग था। शुरुआती तलाशी में सिर नहीं मिलने पर पुलिस ने आसपास के खेतों में खोजबीन तेज कर दी। घंटों की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में बच्ची का सिर भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। बच्ची की इस तरह हत्या किए जाने से गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। लोग वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं, आरोपी की तलाश में छापेमारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस बच्ची के घर से गायब होने की परिस्थितियों, बिजली काटे जाने और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। 10 साल की बच्ची की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source link