![]()
प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक युवती गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पलामू के मनातू थाना क्षेत्र में करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। 13 दिन में यह तीसरी बार है, जब वह टावर पर चढ़ी है। युवती की मांग है कि उसकी शादी उसी युवक से कराई जाए, जिससे वह प्रेम करती है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने में लगी है। आसपास के कई गांवों के लोग भी वहां जुट गए। युवती ने ही यौन शोषण का लगाया है आरोप
युवती ने इसी युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था और मनातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवती पहली बार 24 अक्टूबर को प्रेमी से शादी कराने की मांग लेकर टावर पर चढ़ी थी। उस समय युवक को मौके पर बुलाया गया। शादी का आश्वासन मिलने के बाद युवती नीचे उतर आई थी। बाद में युवक शादी से मुकर गया, जिसके बाद युवती ने यौन शोषण का आरोप लगा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा था
25 अक्टूबर को युवती एक बार फिर प्रेमी से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई। पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने उसे समझाकर नीचे उतारा। सुरक्षा के लिए पुलिस ने उसे सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा था। इधर, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बुधवार को युवती का भाई उसे सेंटर से घर लेकर आया। जब युवती को पता चला कि उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया है तो वह एक बार फिर टावर पर चढ़ गई।
Source link