भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

95 प्रतिशत निर्माण पूरा:रांची स्टेशन का साउथ गेट नवंबर के अंत तक...




रांची रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। स्टेशन के साउथ साइड का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। नवंबर के अंत तक इस तरफ से यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाएं मिलने लगेंगी। निर्माण कार्य 95 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और प्लेटफॉर्म नंबर-6 भी तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन के कायाकल्प का अगला चरण शुरू होगा। दिसंबर के अंत से नॉर्थ साइड की पुरानी बिल्डिंगों को तोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। खास बात यह है कि साउथ और नॉर्थ साइड को जोड़ने वाला फुटओवर ब्रिज चालू रहेगा, ताकि निर्माण के दौरान यात्रियों को एक तरफ से दूसरी तरफ आने-जाने में परेशानी न हो। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर-4 और 5 को प्लेटफॉर्म-6 से जोड़ने वाला फुटओवर ब्रिज भी जल्द तैयार कर लिया जाएगा। ये बातें रांची रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के लिए पहुंचे रांची रेलमंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहीं। उन्होंने नॉर्थ साइड का भी निरीक्षण किया। डीआरएम ने बताया कि नॉर्थ साइड की मुख्य सड़क की चौड़ाई वर्तमान 16 मीटर से बढ़ाकर 22 मीटर की जाएगी। चुटिया थाना की तरफ से आने वाली सड़क भी 22 मीटर चौड़ी होगी। सड़क चौड़ीकरण के लिए बीएनआर चाणक्य होटल की बाउंड्री पीछे की जाएगी। इसके अलावा रेलवे के कई पुराने क्वार्टर भी तोड़े जाएंगे। इससे स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर आवागमन और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है। नई बिल्डिंग पार्सल कार्यालय तक डीआरएम ने कहा कि मुख्य स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण पार्सल कार्यालय तक होगा। पहले चरण में पुराने स्टेशन को तोड़ा जाएगा। पुरानी बिल्डिंग दो फेज में तोड़कर निर्माण कराया जाएगा। सेरसा स्टेडियम भी द्वितीय चरण में टूटेगा। इसे भविष्य की पार्किंग के लिए रखा जाएगा। दुकानों को हटाने का दिया निर्देश डीआरएम ने गुरुवार को रांची स्टेशन के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन और रेलवे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भविष्य में विकासात्मक कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल को स्टेशन परिसर में अनाधिकृत रूप से लगने वाले दुकानों, ठेला, अनाधिकृत पार्किंग स्थल को हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनाधिकृत दुकानों के कारण स्टेशन में आवागमन का मार्ग बाधित होता है। उन्होंने खुद अनाधिकृत रूप से दुकान लगाने वालों से बातकर चेतावनी दी। कहा कि आपकी दुकानों के कारण यात्रियों को आने जाने में दिक्कत होती है। साथ ही अनाधिकृत पार्किंग से रोड जाम भी होता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारी एनके मीना, विनोद कुमार, साकेत कुमार व अन्य मौजूद थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top